जयपुर, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को अजमेर के जवाहरलाल नेहरु चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने लू और तापघात-हीटवेव से ग्रसित मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और कैजुअल्टी परिसर एवं प्रीफैब्रिकेटेड वार्ड में मरीज के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। देवनानी ने कहा कि तापमान 42 डिग्री से ऊपर चल रहा है, ऐसे में गर्मी से बचाव के विशेष प्रबंध करने और तापघात के मरीजों के लिए अलग से आरक्षित वार्ड में वरिष्ठ चिकित्सक उपचार देवें। रेजिडेंट चिकित्सकों के साथ वरिष्ठ चिकित्सक स्वंय आपातकालीन एवं आरक्षित वार्ड में मरीजों को इलाज मुहैया करवाए। जितनी भी जरूरी दवाएं है, उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करे।
देवनानी ने चिकित्सालय में कैजुअल्टी में तापाघात से ग्रसित मरीजों के लिए अलग से व्यवस्थाएं की गई है जैसे कि अलग से पलंगो का आरक्षण, कैजुअल्टी में अलग से ऐसे मरीजों को देखने की व्यवस्थाएं, सीनियर रेजिडेंट्स एवं वरिष्ठ चिकित्सकों की नियमित 24 घंटे सेवाएं, मरीजों के लिए बर्फ की उपलब्धता, कैजुअल्टी परिसर में पेशेंट को शिफ्ट करने के लिए ट्रॉलियों की व्यवस्था, कैजुअलटी परिसर के सामने मरीजों के परिजनों के लिए बैठने के लिए टेंट एवं पेयजल की व्यवस्था का जायजा लिया एवं व्यवस्थाओं कि सराहना की। उन्होंने ट्रॉलियों के लिए उपलब्ध वार्ड बॉय के बारे में जानकारी ली। चिकित्सालय के प्रभारी ने देवनानी को बताया कि मेडिकल रिलीफ सोसायटी की ओर से नयी भर्ती के प्रस्ताव स्वीकार हो गया है, शीघ्र और वार्ड बॉय लगाकर कमी दूर की जाएंगी।
मरीजो से मिल, पूछी कुशलक्षेम
देवनानी ने प्रीफेब्रिकेटेड वार्ड का भी निरीक्षण किया एवं वहां उपलब्ध सुविधाओं को सराहा। मरीज के साथ आने वाले रिश्तेदारों के लिए बैठने की व्यवस्था की जरूरत पर जोर दिया। दोनों वार्डो में देवनानी ने मरीजों व उनके रिश्तेदारों से बात-चीत की और उनकी कुशलशेम पूछी। चिकित्सा अधिकारियों एवं नर्सिंग स्टाफ को निर्देशित किया कि वे सक्रिय रहकर संवेदनशीलता के साथ अस्पताल में आने वाले रोगियों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएं। कोई भी मरीज इलाज से वंचित नहीं रहे।
सोनोग्राफी और एक्स-रे पर ना हो वेटिंग
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने संभाग के सबसे बड़े जवाहर लाल नेहरु चिकित्सालय में सोनोग्राफी और एक्स-रे मशीनों पर कई दिन की वेटिंग पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, अस्पताल प्रशासन आमजन को तुरंत राहत उपलब्ध कराए। अस्पताल में हीटवेव से बचाव के सभी इंतजाम रखें। मौसमी बीमारियों का पर्याप्त उपचार हो। बारिश से पहले अस्पताल के आर्थोपेडिक विभाग एवं अन्य जगहों पर पानी भरने की समस्या का निराकरण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला अध्यक्ष रमेश सोनी, अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ एस. के. भास्कर, अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ. श्याम भूतड़ा, अतिरिक्त अधीक्षक डॉ जीसी मीणा, वरिष्ठ आचार्य डॉ. नरेंद्र शाह, उपाधीक्षक डॉ. अमित यादव सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।










