(उजला दर्पण सीनियर रिपोर्टर मध्य प्रदेश)
इटारसी। रक्षाबंधन के पावन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने शहर में सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतज़ाम किए हैं। शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी देखी जा रही है।
शहर में सुरक्षा का संदेश देने के लिए पुलिस द्वारा पैदल मार्च निकाला गया, जिससे आमजन में विश्वास और असामाजिक तत्वों में भय का वातावरण निर्मित हो सके। यह पैदल मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुज़रा।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। शाम के समय, जब बाजारों में रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ती है, पुलिस तैनाती और सतर्कता और भी बढ़ा दी गई है। इन इलाकों में फोर व्हीलर और ऑटो रिक्शा के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है ताकि पैदल चलने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और ट्रैफिक की समस्या से भी बचा जा सके।
पुलिस प्रशासन की निगाहें हर गतिविधि पर पैनी बनी हुई हैं। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है और पेट्रोलिंग को भी तेज किया गया है। पुलिस का कहना है कि उनका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि रक्षाबंधन का यह पर्व सौहार्द और शांति के साथ संपन्न हो।












