( अंकित सेन / उजला दर्पण )
भोपाल जनगणना 2027 के काम के चलते प्रदेश में इस साल के अंत, यानी 31 दिसंबर 2025 के बाद, किसी भी नए जिले, तहसील और उनकी सीमाओं में परिवर्तन नहीं किया जा सकेगा। जनगणना कार्य निदेशालय और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और योजनाबद्ध रूप से कार्य करने के लिए राज्य सरकार द्वारा जनगणना समन्वय समिति का गठन किया जा चुका है। इसके अध्यक्ष मुख्य सचिव हैं।
गृह, विज्ञान प्रौद्योगिकी, नगरीय विकास एवं आवास, सामान्य प्रशासन विभाग, योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी, वित्त एवं पंचायत ग्रामीण विकास, जनजातीय कार्य, राजस्व, स्कूल शिक्षा, जनसंपर्क एवं निर्देशक एनआईसी को सदस्य बनाया गया है। जनगणना कार्य निदेशालय को सदस्य सचिव बनाया गया है।
दो चरणों में पूरा होगा काम
जनगणना का काम दो चरणों में पूरा होना है। पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की संख्या का काम अप्रैल 2026 से सितंबर 2026 के बीच किया जाना है। राज्य शासन को यह काम 30 दिन में पूरा करना है। दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना का काम 9 से 28 फरवरी 2027 के बीच किया जाएगा।
जनगणना के लिए संदर्भ की तारीख 1 मार्च 2027 मध्य रात्रि होगी। राज्य सरकार की मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति दोनों चरणों में शासन के मध्य अपेक्षित सहयोग एवं समन्वय स्थापित करने का काम करेगी। समिति की 31 दिसंबर 2025 को होने वाली बैठक में जनगणना के काम में लगने वाले कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना, मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर और फील्ड स्टाफ का प्रशिक्षण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराना सुनिश्चित किया जाएगा।











