प्रत्येक नागरिक का स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सा विभाग जवाबदेही से कार्य करे- राज्यपाल

---Advertisement---

जयपुर, 13 अगस्त। राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक का स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सा विभाग को पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि एक राज्य तभी तेजी से विकास करता है जब उसकी स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होती हैं। राज्यपाल ने विशेष रूप से पिछड़े और आदिवासी जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और वहां चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। इसके लिए उन्होंने विभाग को रिक्त पदों को भरने और पदोन्नति की प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने टीबी मुक्त राजस्थान के लक्ष्य को हासिल करने के लिए एक व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने तहसील, गांव और जिला स्तर पर इस संबंध में विशेष कार्यवाही करने और अगले तीन वर्षों में राजस्थान को पूरी तरह से टीबी मुक्त करने के लिए सभी से मिलकर प्रयास करने की अपील की।

उन्होंने जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। राज्यपाल ने चिकित्सकों को गांव और तहसील स्तर पर अनिवार्य रूप से सेवा देने और सेवा भाव से कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं में गुणात्मक सुधार लाने के लिए सामुदायिक और उप सामुदायिक चिकित्सालयों का आकस्मिक और प्रभावी निरीक्षण किए जाने की आवश्यकता बताई।

बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में राजस्थान को अग्रणी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक नागरिक को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हों।

इससे पहले, राज्यपाल ने राजस्थान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना के तहत लाभान्वित रोगियों के बारे में जानकारी ली और राज्य में प्रारंभ की गई “रामाश्रय” योजना की सराहना की। उन्होंने अनीमिया और टीबी मुक्त राजस्थान के लिए प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और चिकित्सा शिक्षा का पाठ्यक्रम हिंदी में भी प्रारंभ करने की कार्ययोजना पर काम करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने राज्य में चिकित्सा सुविधाओं में सुधार के लिए निरंतर सेवा भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव शुभ्रा सिंह, राज्य स्वास्थ्य मिशन के निदेशक जितेन्द्र कुमार सोनी और राज्यपाल के सचिव गौरव गोयल ने भी भाग लिया। बैठक के दौरान, विभाग की विभिन्न गतिविधियों का विस्तार से प्रस्तुतिकरण दिया गया।

रेडक्रॉस सोसायटी की समीक्षा बैठक

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने रेडक्रॉस सोसायटी की समीक्षा बैठक में उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस के तहत पीड़ित जनों की सेवा के साथ-साथ चिकित्सा सेवाओं में सहयोग और जागरूकता के लिए सतत प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने टीबी मुक्त राजस्थान, अंगदान, रक्तदान आदि के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कार्य करने पर जोर दिया। बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी के राज्य अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिड़ला ने आरंभ में राज्यपाल का अभिनंदन किया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment