एक्ट्रेस लक्ष्मी सुराणा बोलीं— फरहान अख्तर से एक्टिंग की बारीकियां सीखना एक यादगार अनुभव
जयपुर। देशभक्ति और साहस की कहानी पर आधारित फिल्म ‘120 बहादुर’ आज पूरे देश में रिलीज हो गई है। फिल्म के प्रमोशन के लिए जयपुर के ऐतिहासिक राजमंदिर सिनेमा में शुक्रवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें फिल्म की अहम कलाकार लक्ष्मी सुराणा भी शामिल हुईं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि फिल्म में फरहान अख्तर की मां का किरदार निभाना उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण और सीखों से भरा अनुभव रहा।

लक्ष्मी सुराणा ने कहा कि फरहान अख्तर ने सेट पर एक्टिंग की सूक्ष्म तकनीकों को समझने में उनकी काफी मदद की। फिल्म में फरहान, रियल लाइफ हीरो मेजर शैतान सिंह भाटी का किरदार निभा रहे हैं, जिन्होंने 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेज़ांग ला पोस्ट पर 120 भारतीय सैनिकों के साथ 3000 चीनी सैनिकों का मुकाबला किया था। लक्ष्मी ने बताया कि फिल्म गहरी संवेदनाओं, वीरता और बलिदान की उस अनसुनी कथा को बहुत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है।
एक्ट्रेस लक्ष्मी सुराणा इससे पहले नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘द रॉयल्स’ और फिल्म ‘डाकू महाराज’ में अपनी दमदार भूमिका के लिए सराही जा चुकी हैं। उन्होंने अपने अभिनय सफर का जिक्र करते हुए बताया कि उनका थिएटर से जुड़ाव बचपन से ही रहा है। आठ साल पहले शुरू हुई उनकी यह यात्रा थिएटर के कई लोकप्रिय नाटकों से होते हुए स्क्रीन अभिनय तक पहुंची। दो साल में उन्होंने कई विज्ञापनों, फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में काम किया। साथ ही राजस्थानी लोकनृत्य—विशेष रूप से कालबेलिया—में भी उन्हें विशेष सम्मान और पहचान मिली है।
फिल्म का निर्देशन रज़नीश घई ने किया है, जिन्होंने सेट पर एक बेहद सकारात्मक और प्रेरणादायक माहौल बनाया। लक्ष्मी ने कहा कि पूरी टीम ने इस फिल्म को एक ऐतिहासिक दस्तावेज की तरह संजोने की कोशिश की है, ताकि देश उन 120 शूरवीरों की बहादुरी को हमेशा याद रख सके।
फिल्म आज, 21 नवंबर से सभी सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो चुकी है और दर्शक इसके माध्यम से भारतीय सैनिकों की वीरगाथा को बड़े पर्दे पर महसूस कर सकते हैं।










