नई दिल्ली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में शाहदरा स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि 2014 के पश्चात गरीब कल्याण एवं विकास की योजनाएं, सीमाओं की सुरक्षा, दुनिया में भारत का बढ़ता गौरव, आतंकवाद और नक्सलवाद से मुक्ति होते आम जनता ने देखा है। वर्ष 2014 से पहले क्या हुआ करता था ये भी जनता ने देखा है। जनता में ये विश्वास है कि अगर देश को कोई आगे बढ़ा सकता है तो वे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी हैं। इसलिए मैं कह सकता हूं, हमारा कार्यकर्ता भी पूर्ण रूप से विश्वास के साथ जनता के बीच जाकर बात करता है। दिल्ली में हम सातों सीटें जीतेंगे और बड़े मार्जिन से जीतेंगे।
मोदी जी का विजन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से 400 पार करेंगे
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता को जो भी दायित्व देते हैं, वह उसे पूरा करता है। कार्यकर्ता पूरे मन से लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पूरी मेहनत से लगा हुआ है, यह देखकर मैं कह सकता हूं कि ‘मोदी जी का विजन और कार्यकर्ताओं की मेहनत‘ से हम 400 पार करेंगे।
Jaipur में विवाहिता के अंडाणुओं का ससुराल वालों ने किया सौदा
राजस्थान के प्रवासी राष्ट्रवाद से जुड़े
श्री शर्मा ने कहा कि राजस्थानी प्रवासी हमेशा राष्ट्रवाद, संस्कृति एवं विचार से जुड़ा हुआ है और अपनी माटी को वे भूले नहीं हैं। दिल्ली में ही नहीं पूरे देश में प्रवासी राजस्थानियों की गूंज है। राष्ट्रवाद की विचारधारा से जुड़कर राजस्थानी प्रवासी हमेशा प्रदेश के गौरव को बढ़ाने का काम करते हैं।
विपक्षियों-कांग्रेसियों की कोई उपलब्धि नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा संस्कारित पार्टी है, बाकी कांग्रेस और विपक्षी दल जातिगत एवं पारिवारिक पार्टियां हैं, उनका स्वयं का एजेंडा है, उनके एजेंडे व्यक्तिगत स्तर पर होते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षियों की कोई उपलब्धि नहीं है। मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं, पुराने घोषणा पत्र को देखिए कभी कोई वादा पुरा किया क्या ? केवल चुनाव के समय विपक्षी एवं कांग्रेसी लूट की बात करते हैं।










