हरियाणा में एमएसपी पर सभी फसलों की खरीद की घोषणा ऐतिहासिक: डॉ. सतीश पूनियां

---Advertisement---

चंडीगढ़, भाजपा हरियाणा प्रदेश प्रभारी और राजस्थान के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने पंचकुला में मीडिया से बातचीत करते हुए हरियाणा की नायब सैनी सरकार द्वारा सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने के निर्णय को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने इसे किसानों के हित में बड़ा कदम करार दिया और कहा कि यह निर्णय नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की किसान हितैषी नीतियों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कदम है।

डॉ. पूनियां ने कहा कि भाजपा और केंद्र की एनडीए सरकार ही अन्नदाताओं की सच्ची हितैषी है। उन्होंने कहा कि नायब सरकार के इस नायाब फैसले से हरियाणा के किसान और समृद्ध होंगे, उन्हें नई ताकत मिलेगी और वे देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

किसान हितैषी नीतियों की शुरुआत

डॉ. पूनियां ने कहा कि भारत और हरियाणा के किसानों की सुध लेने का सबसे पहला काम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड की सौगात देकर किया था और इस काम को मजबूती देने का काम नरेंद्र मोदी सरकार कल्याणकारी नीतियों से कर रही है।

कांग्रेस पर निशाना

डॉ. पूनियां ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोटों के लिए तुष्टिकरण की राजनीति करती आई है, जबकि भाजपा सभी वर्गों का समान रूप से विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा 10 वर्षों से अन्नदाताओं को सही मायने में समृद्ध बनाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किसानों के लिए जो बड़ी घोषणाएं की हैं, वे वास्तव में क्रांतिकारी कदम हैं। किसानों का 133 करोड़ रुपये का कर्ज माफ करना बहुत ही बड़ा कदम है।

समानता की राजनीति

डॉ. पूनियां ने कहा कि जाति, पाति और मजहब से ऊपर उठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के सिद्धांत पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का सभी धर्मों के लोग बराबर लाभ उठा रहे हैं और देश के संसाधनों पर सभी वर्गों का समान अधिकार है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की समानता की राजनीति से विपक्ष के लोगों के पेट में दर्द हो रहा है और भाजपा ने बिना भेदभाव के विकास कराया है।

हरियाणा की वीर भूमि

डॉ. पूनियां ने कहा कि हरियाणा वीरों की भूमि है और यहां के लोगों ने मुगलों और अंग्रेजों के साथ संघर्ष किया है। कांग्रेस को हरियाणा ने जगह दी, लेकिन दिल में जगह नहीं दी और समय-समय पर बदलाव करके कांग्रेस को आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा को हरियाणा के किसानों का हित करने के लिए 10 वर्षों का समय मिला, लेकिन हुड्डा को रोहतक के अलावा कुछ दिखाई नहीं दिया।

राहुल गांधी पर तंज

डॉ. पूनियां ने राहुल गांधी को भी घेरा और कहा कि भाजपा ने ओबीसी वर्ग से सामान्य व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी ऐसी हिम्मत कर सकते हैं कि वे विधानसभा चुनाव में किसी सामान्य व्यक्ति को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाएं?

भाजपा का विकास कार्य

डॉ. पूनियां ने कहा कि भाजपा ने नायब सैनी को मुख्यमंत्री बनाकर यह संदेश दिया है कि भाजपा सभी वर्गों की पार्टी है और मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा का चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि हताश और निराश कांग्रेस की सत्ता के लिए छटपटाहट बढ़ती जा रही है, लेकिन हरियाणा की जनता कांग्रेस को 2014 में ही नकार चुकी है और इस चुनाव में उसका सूपड़ा साफ कर देगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास

डॉ. पूनियां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक रूप से समृद्ध और ताकतवर हुआ है। ब्रिटेन को पछाड़कर भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बना है। लोगों में देश के प्रति अनुराग पैदा हुआ है और प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाना है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद हर घर पर तिरंगा लहरा रहा है और देश का हर नागरिक तिरंगे की महत्ता को समझ रहा है।

तिरंगा यात्रा और विभाजन विभिषिका

डॉ. पूनियां ने बताया कि भाजपा का युवा मोर्चा 11 अगस्त से 14 अगस्त तक पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकालेगा और हर घर की छत पर तिरंगा होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका पर कार्यक्रम करेगी। विभाजन विभिषिका 14 अगस्त की वह काली रात थी जिस दिन देश का विभाजन हुआ था और विभाजन की त्रासदी ने हर नागरिक को झकझोर दिया था।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment