(उजला दर्पण सीनियर रिपोर्टर रामगोपाल सिंह उईके )
राज्य शासन के निर्देश अनुसार गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर आज जिले के सभी विकासखंडो में कक्षा छठवीं और कक्षा नवमीं में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरण के कार्यक्रम आयोजित किये गये। गुरु पूर्णिमा पर 732 स्कूली बच्चों को साइकिल प्रदान की गई। इन कार्यक्रमों में गुरु पूर्णिमा के भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। गुरु पूर्णिमा पर मझौली विकासखंड मुख्यालय स्थित पीएम श्री शासकीय कन्या विद्यालय में विधायक श्री अजय विश्नोई के मुख्य आतिथ्य में आयोजित साइकिल वितरण के कार्यक्रम का दीप प्रज्वलन और सरस्वती पूजन के साथ शुभारंभ हुआ। श्री विश्नोई ने अपने संबोधन में गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर साइकिल प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इससे छात्र-छात्राओं को आगे पढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम में विधायक श्री विश्नोई ने 45 छात्र-छात्राओं को साइकिल प्रदान की। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि दिनेश चौरसिया, जिला पंचायत सदस्य राजेश ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती क्षिप्रा राजेन्द्र चौरसिया, जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी, डीपीसी योगेश शर्मा, सहायक संचालक आर के वधान, बीईओ अतुल गर्ग, बीआरसी केशव दुबे, बृज किशोर गर्ग, प्राचार्य किशन रायखेड़े सहित गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। गुरु पूर्णिमा पर स्कूली बच्चों को साइकिल वितरण का कार्यक्रम विकासखण्ड जबलपुर में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरगीनगर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया के मुख्य आतिथ्य में किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने साइकिल प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बच्चे प्रतिदिन स्कूल आयें, मन लगाकर पढ़ाई करें और परिवार का नाम रोशन करें। कार्यक्रम के दौरान सभी की उपस्थिति में 130 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरण किया गया।जिले के अन्य विकासखण्ड में आयोजित किये गये साइकिल वितरण के कार्यक्रमों में कुंडम विकासखंड में 250, शहपुरा विकासखंड में 36 एवं पनागर विकासखंड में 183 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरण किया गया। गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर साइकिल प्राप्त होने से छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।












