भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए अन्य राज्यों में प्रवास पूर्ण कर शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय लौटे। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधायक जितेंद्र गोठवाल, प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप धनखड़, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक और मीडिया कार्यालय प्रभारी चंपालाल रामावत ने जोशी को शॉल और भाजपा का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
वहीं बीते एक महिने में लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ के नेतृत्व में काम कर रही मीडिया टीम के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान जोशी ने भाजपा मीडिया टीम के बेहतर कार्यों की प्रशंसा करते हुए मीडिया विभाग के सभी सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने मीडिया वॉच कक्ष का भी निरीक्षण किया और प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ से संचालन के बारे में जानकारी ली। वहीं उन्होने कार्यालय में मौजूद पत्रकारों से मुलाकात कर लोकसभा चुनावों से जुड़े अनुभव और चुनाव प्रचार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की। इसके साथ ही जोशी ने युवा मोर्चा कार्यालय में जाकर प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची के नेतृत्व में काम कर रही युवा मोर्चा टीम का उत्साहवर्धन किया। वहीं प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय के विभिन्न कक्षों में जाकर अलग-अलग कार्यों में जुटी टीमों से चर्चा कर उनके कार्यों की समीक्षा की। साथ ही चार जून को आने वाले लोकसभा चुनाव परिणामों सहित आगामी कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया।










