जयपुर।एसएमएस स्टेडियम में पांच दिवसीय राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का भव्य उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने किया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीयता, नवाचार और आपसी सहयोग को प्रोत्साहित करना है।

चुनौतियों का सामना करना ही सफलता का मार्ग
कर्नल राठौड़ ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “जीवन में चुनौतियां हमेशा रहती हैं, लेकिन हर व्यक्ति में उन्हें पार कर सफलता पाने की क्षमता होती है। हमें अपनी क्षमताओं को पहचानकर सही दिशा में प्रयास करने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू की गई योजनाएं युवाओं के जीवन को बदलने में सहायक हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत ही आगे बढ़ने का रास्ता दिखाते हैं। राठौड़ ने युवाओं से आग्रह किया कि वे महोत्सव के माध्यम से आपसी मेलजोल बढ़ाएं और विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञों से सीखें।
विशेषज्ञों और नवाचार का मंच
महोत्सव में कला, संस्कृति और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई प्रतियोगिताएं और प्रदर्शनियां आयोजित की जा रही हैं। राजस्थान यूथ बोर्ड के सदस्य सचिव कैलाश पहाड़िया ने बताया कि यह आयोजन कला के क्षेत्र में नवोदित प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विशेष आकर्षण
उद्घाटन समारोह में मांगणियार लोक कलाकारों, कच्छी घोड़ी नृत्य और भवई नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। साथ ही, संभागवार मार्च पास्ट ने उत्साह को और बढ़ाया। इससे पूर्व, अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की सोच को समर्थन
राज्य मंत्री कृष्ण कुमार के.के. विश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में जातिवाद और क्षेत्रवाद जैसी बुराइयों को समाप्त कर राष्ट्रीयता और विकास की भावना को बढ़ावा दिया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।
विश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पांच साल में 4 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया है, जिनमें से 1 लाख नौकरियां पहले ही दी जा चुकी हैं।
जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी
कर्नल राठौड़ ने आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। ये प्रदर्शनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से लगाई गई थी।










