जयपुर, 14 नवंबर। अंता विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया की भारी मतों से विजय पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने क्षेत्र की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को हार्दिक धन्यवाद व बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और भाजपा सरकारों के कुशासन को आमजन तक पहुँचाने का परिणाम है। अंता के मतदाताओं ने भाजपा के खिलाफ स्पष्ट संदेश देते हुए कांग्रेस की विचारधारा और जनहितकारी नीतियों के पक्ष में मतदान किया। 
डोटासरा ने कहा कि यह उपचुनाव 2028 के विधानसभा चुनावों का प्रतिबिंब है, जिसमें जनता ने भाजपा की “पर्ची सरकार” के कार्यशैली और प्रशासनिक अव्यवस्था को कठोरता से नकार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में लागू जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित जनता आज भी उन नीतियों पर भरोसा करती है, लेकिन भाजपा सरकार ने केंद्र से निर्देशित शासन लागू कर प्रदेश का विकास ठप्प कर दिया है।
उन्होंने कहा कि गुजरात मॉडल के नाम पर बाहरी लोगों को औने-पौने दामों में सरकारी ठेके सौंपे जा रहे हैं, जिससे भ्रष्टाचार बढ़ा है और भाजपा से जुड़े लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। अंता की जनता ने इस भ्रष्ट तंत्र को पहचानकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया। भाजपा नेताओं पर हमला बोलते हुए डोटासरा ने कहा कि वे झूठ और भ्रम फैलाने में तो सक्रिय हैं, लेकिन जनता की सेवा के प्रति उदासीन हैं।
डोटासरा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की दृढ़ता की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा का पूरा मंत्रिमंडल, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और सरकारी तंत्र विपक्ष के प्रत्याशी को हराने में लगाए गए थे, साथ ही धन-बल और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया गया। इसके बावजूद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने संयम रखते हुए जनता तक संगठन का संदेश पहुँचाया और परिणामस्वरूप कांग्रेस ने भारी अंतर से जीत हासिल की।
उन्होंने दावा किया कि जनता ने भाजपा सरकार को पूर्ण रूप से नकार दिया है और कांग्रेस की नीति, दृष्टि और जनसेवा पर अपना विश्वास फिर से स्थापित किया है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भूमिका को सराहते हुए उन्होंने प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस आगे भी जनता की सेवा में सदैव तत्पर रहेगी और हर संकट में प्रदेश की जनता के साथ खड़ी रहेगी।










