( उजला दर्पण अंकित सेन स्टेट हेड मध्य प्रदेश )
घर-घर होगी कुष्ठ रोगियों की पहचान एवं जांच
जबलपुर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर आज 30 जनवरी से जिले में स्पर्श कुष्ठ जागरुकता अभियान का शुभारंभ आज जिला चिकित्सालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित कर किया गया। एक पखवाड़े का यह अभियान 13 फरवरी तक चलाया जायेगा। अभियान के तहत घर-घर जाकर कुष्ठ रोगियों की खोज एवं जाँच की जायेगी। कुष्ठ रोग को लेकर आमजन में फैली भ्रांतियों का निदान किया जायेगा तथा प्रचार-प्रसार, पीओडी कैंप आदि गतिविधियां आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शक्ति खरे मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय मिश्रा ने की अन्य अतिथियों के तौर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की जिला अध्यक्ष डॉ ऋचा शर्मा, सक्षम संस्था प्रकोष्ठ महाकौशल प्रांत के सचिव डॉ पीयूष जैन, लायंस क्लब की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा सोनी, लायंस क्लब जिला सचिव उमेश जैन, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ नवीन कोठारी, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ पारस ठाकुर, डॉ संजय जैन, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ निश्चय सक्सेना, डॉ आशीष राय, लीगल सेल से श्री बी डी दीक्षित, आरएमओ डॉक्टर वैशाली खन्ना, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील मौजूद थे।
कार्यक्रम की प्रथम कड़ी मे उपस्थित जिले के कुष्ठ मरीजों एवं अन्य जिलों से आए आरसीएस (सर्जरी) के मरीजों का लायन्स क्लब की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा सोनी एवं अन्य अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। लायंस क्लब द्वारा जबलपुर कुष्ठ विभाग की टीम तथा जिला चिकित्सालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया तथा कुष्ठ रोगियों को दी जा रही सेवाओं के लिए प्रशंसा की।
शासन द्वारा कुष्ठ मरीजों के हितार्थ चलाई जा रही विभिन योजनाओं की जानकारी मरीजों एवं उनके परिजनो को जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ पारस ठाकुर द्वारा दी गई। विकृति से बचाव व आर-सी-एस (सर्जरी) के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी सिविल सर्जन तथा आरसीएस सर्जन डॉ नवीन कोठारी के द्वारा दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय मिश्रा ने कुष्ठ रोग के उन्मूलन में नागरिकों से सहयोग की अपील की। इस अवसर पर कुष्ठ रोग के उन्मूलन की शपथ भी दिलाई गई। शपथ का वाचन सिविल सर्जन डॉ नवीन कोठारी ने किया। कार्यक्रम का संचालन एनएमएस आर के चौबे के ने किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कुष्ठ विभाग एवं जिला चिकित्सालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग सराहनीय रहा।











