
जबलपुर के जोन क्रमांक 2 में स्वच्छता व्यवस्था चरमराई — मांस-मछली के अवशिष्ट खुले में फेंके, पूरे क्षेत्र में फैली बदबू और गंदगी।
जबलपुर
जोन क्रमांक 2 स्थित कचरा प्लांट के सामने स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। हाल ही में यहां से सामान्य कचरा तो उठा लिया गया, लेकिन उसके बाद नगर निगम की गाड़ी द्वारा खुले में मांस, मछली, मुर्गा, चिकन और मटन के सड़े-गले अवशिष्ट पदार्थ फेंक दिए गए। इससे पूरे क्षेत्र में असहनीय दुर्गंध फैल गई है और नागरिकों का जीना दूभर हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने इस गंभीर समस्या की जानकारी कई बार नगर निगम के अधिकारियों को दी, जिनमें संदीप जयसवाल , अभिनव मिश्रा (स्वास्थ्य अधिकारी) और सीएसआई विष्णुकांत दुबे का नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहा है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि इन सभी अधिकारियों ने फोन उठाना तक बंद कर दिया है। इससे साफ ज़ाहिर होता है कि नगर निगम प्रशासन जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह से उदासीन बना हुआ है।
जानवरों और पर्यावरण पर भी संकट:
खुले में पड़े इन अवशिष्ट पदार्थों की वजह से क्षेत्र में गंदगी का आलम इतना भयावह है कि पॉलिथीन की थैलियां उड़-उड़कर हर तरफ फैल रही हैं। बेजुबान जानवर इन्हें खाकर बीमार हो रहे हैं। साथ ही कीड़े-मकोड़े और दुर्गंध के कारण संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
नागरिकों की मांग:
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि:
कचरे को तत्काल हटाया जाए।
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रभावी निगरानी की व्यवस्था की जाए।
यदि प्रशासन ने शीघ्र संज्ञान नहीं लिया, तो पूरे क्षेत्र में गंध और प्रदूषण का माहौल रहेगा।











