एमपी ट्रांसको पूर्व क्षेत्र के फील्ड इंजीनियर्स की समीक्षा बैठक संपन्नशून्य दुर्घटना लक्ष्य के साथ कार्य करें” – प्रबंध संचालक सुनील तिवारी
मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (एमपी ट्रांसको) के पूर्वी क्षेत्र के मैदानी कार्यपालन अभियंताओं की समीक्षा बैठक कंपनी मुख्यालय, जबलपुर में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने अभियंताओं से कहा कि ‘शून्य दुर्घटना लक्ष्य’ को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही पर शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) अपनाई जाए और हर कार्य में सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
प्रबंध संचालक ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में छोटे-छोटे सुधार करें और कंपनी की उत्तरोत्तर प्रगति में योगदान दें। उन्होंने फील्ड इंजीनियरों को प्रेरित करते हुए कहा कि भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की दिशा में तैयार करें और दक्षता विकसित करें।
उन्होंने अभियंताओं से कहा कि प्रोफेशनल नेटवर्किंग के माध्यम से सतत ज्ञानवृद्धि करें, तथा ट्रांसमिशन लाइनों में यदि कहीं ग्राउंड क्लीयरेंस की स्थिति कम हो तो उसकी सूचना समय पर प्रशासन को दें और जनता को भी खतरे से आगाह करें।
सुरक्षा उपकरणों की स्थिति की समीक्षा के लिए उन्होंने एक विशेष समिति गठित करने के निर्देश भी दिए।
—
कंपनी की “ओनरशिप” नई पीढ़ी ले – सुनील तिवारी
प्रबंध संचालक ने युवा अभियंताओं से संवाद करते हुए कहा कि “पुरानी पीढ़ी शीघ्र ही सेवानिवृत्त होने वाली है, ऐसे में नई पीढ़ी को कंपनी की ओनरशिप लेकर भविष्य की चुनौतियों के लिए खुद को तैयार करना होगा।”
—
रबी सीजन के लिए विशेष तैयारी के निर्देश
श्री तिवारी ने कहा कि आगामी दो माह ट्रांसमिशन कंपनी के लिए चुनौतीपूर्ण रहेंगे। रबी सीजन में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए ट्रांसमिशन नेटवर्क की स्थिरता और विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने ट्रांसमिशन लाइनों, सब-स्टेशनों, ट्रांसफार्मर लोडिंग और ट्रिपिंग की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रीवेंटिव मेंटिनेंस समय पर किया जाए ताकि ब्रेकडाउन की स्थिति से बचा जा सके।
प्रबंध संचालक ने सराहना करते हुए कहा कि फील्ड अधिकारियों की सजगता और सतर्कता से ही एमपी ट्रांसको में ट्रिपिंग दर घटी है और ब्रेकडाउन का समय भी कम हुआ है।
—
मैदानी अधिकारियों ने साझा किए अपने सुझाव
बैठक में उपस्थित मैदानी अभियंताओं ने सुरक्षा एवं कार्यप्रणाली में सुधार हेतु किए जा रहे अपने नवाचार और अनुभव साझा किए।
समीक्षा बैठक में मुख्यालय जबलपुर के वरिष्ठ अधिकारियों सहित पूर्व क्षेत्र के जबलपुर, सागर, सिवनी, सतना, कटनी, शहडोल, टीकमगढ़, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, रीवा, सिंगरौली और दमोह जिलों से लगभग 30 कार्यपालन अभियंता उपस्थित रहे।













