( उजला दर्पण वेंकटेश्वर राव सीनियर रिपोर्टर जबलपुर )
जबलपुर मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग, उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों पर एकाग्र प्रतिष्ठापूर्ण ‘‘घुंघरू समारोह’’ का आयोजन 28 एवं 29 जनवरी को महाकौशल शहीद स्मारक, जबलपुर में किया जा रहा है। प्रतिदिन सायं 7 बजे से आयोजित होने वाले इस समारोह में मध्यप्रदेश के सुविख्यात भारतीय शास्त्रीय नृत्य कलाकार अपनी नृत्य प्रस्तुतियां देंगे।
उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक श्री प्रकाश सिंह ठाकुर ने बताया कि भारतीय शास्त्रीय नृत्यों पर केन्द्रित यह समारोह नृत्य साधना, परम्परा और सृजनात्मक अभिव्यक्ति का सजीव उत्सव होगा। इसमें कथक एवं भरतनाट्यम नृत्य शैलियों की मनोहारी प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत की समृद्ध परम्परा से अवगत होने का अवसर मिलेगा। समारोह का उद्देश्य शास्त्रीय नृत्य कला के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के साथ-साथ युवा पीढ़ी को इस विधा से जोड़ना भी है। कला प्रेमियों के लिए यह आयोजन एक अविस्मरणीय अनुभव सिद्ध होगा, जिसमें संगीत, लय और भाव का अनुपम संगम देखने को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि दो दिवसीय इस प्रतिष्ठापूर्ण आयोजन में प्रथम दिवस 28 जनवरी, 2026 को सुश्री साक्षी शर्मा एवं साथी, ग्वालियर का कथक समूह नृत्य होगा। तत्पश्चात सुश्री नीरजा सक्सेना एवं साथी, भोपाल का भरतनाट्यम समूह नृत्य होगा। प्रथम दिवस की अंतिम प्रस्तुति सुश्री वी. अनुराधा सिंह एवं साथी, भोपाल द्वारा कथक समूह नृत्य की प्रस्तुति होगी।
घुंघरू समारोह के द्वितीय दिवस 29 जनवरी, 2026 को प्रथम प्रस्तुति सुश्री भैरवी विश्वरूप एवं साथी, जबलपुर द्वारा कथक समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जायेगी। तत्पश्चात सुश्री अरुक्शा नायक एवं साथी, जबलपुर द्वारा भरतनाट्यम समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जायेगी। द्वितीय दिवस की अंतिम प्रस्तुति नृत्याराधना नृत्य मंदिर संस्थान, उज्जैन द्वारा कथक समूह नृत्य की प्रस्तुति होगी।









