मुंबई: केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने शुक्रवार को ‘रिलायंस फाउंडेशन स्किलिंग अकादमी’ का उद्घाटन किया। यह अकादमी युवाओं को भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसका उद्देश्य कौशल, पुनर्कौशल और उन्नत कौशल विकास में मार्गदर्शन प्रदान करना है। लॉन्च कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के सहयोग से एक राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान किया गया, जिसका विषय था ‘भविष्य की नौकरियों के लिए युवाओं को सशक्त बनाना।’

अकादमी का उद्घाटन करते हुए, जयंत चौधरी ने कहा, “भारत का युवा आज अपार अवसरों के मोड़ पर खड़ा है, और रिलायंस फाउंडेशन तथा एनएसडीसी के बीच यह सहयोग उन्हें भविष्य की नौकरियों के लिए सशक्त बनाने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।” उन्होंने इस पहल को देश के युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
रिलायंस फाउंडेशन के सीईओ जगन्नाथ कुमार ने बताया कि अकादमी का उद्देश्य अगले एक साल में 6 लाख युवाओं को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा, “यह अकादमी युवाओं को उनके सपनों को पूरा करने और भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार करने के लिए एक बड़ा प्रयास है।”
अकादमी में उद्योग विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जो युवाओं को नवीनतम तकनीकों से अवगत कराएगी और उन्हें रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने में मदद करेगी। इसके पाठ्यक्रम एआईसीटीई के सहयोग से देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों में उपलब्ध होंगे, जिससे छात्रों को उन्नत शिक्षा और कौशल विकास का लाभ मिल सकेगा।
इस पहल से भारतीय युवाओं को नए जमाने की तकनीक से सुसज्जित होकर वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता मिलेगी, और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे.












