उदयपुर में रेव पार्टी का भंडाफोड़: हेरिटेज रिसोर्ट में चल रहे देह व्यापार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 39 गिरफ्तार

---Advertisement---

दिल्ली से बुलाई गई थीं युवतियां, शराब–मुजरा–अश्लील डांस के बीच पुलिस ने मारी दबिश

जयपुर/उदयपुर, 18 दिसंबर। पर्यटन नगरी उदयपुर की गरिमा और शांति को तार-तार करने वाले आपराधिक तत्वों के खिलाफ उदयपुर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाई-प्रोफाइल रेव पार्टी का पर्दाफाश किया है। गोगुंदा थाना क्षेत्र के विस्मा गांव स्थित इन्द्रप्रस्थ हेरिटेज रिसोर्ट में चल रहे अनैतिक देह व्यापार और अश्लील गतिविधियों पर पुलिस ने छापा मारकर 31 युवक और 8 युवतियों सहित कुल 39 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दिल्ली और मध्य प्रदेश के कारोबारी तथा इवेंट ऑर्गेनाइजर शामिल बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल को गोपनीय सूचना मिली थी कि इंदौर निवासी राजेश शर्मा और दिल्ली निवासी ऋषभ राजपूत द्वारा रिसोर्ट में एक बड़ी रेव पार्टी आयोजित की गई है। इस पार्टी में न केवल शराब और तेज साउंड सिस्टम का इस्तेमाल हो रहा था, बल्कि मुजरा, अश्लील डांस और देह व्यापार के लिए दिल्ली से विशेष रूप से युवतियों को बुलाया गया था। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर डीएसपी गिर्वा गोपाल चन्देल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

छापे में शराब और आपत्तिजनक सामग्री बरामद

पुलिस टीम ने रिसोर्ट की घेराबंदी कर अचानक दबिश दी। मौके पर तेज आवाज में संगीत बज रहा था और अनैतिक गतिविधियां खुलेआम चल रही थीं। पुलिस ने होटल संचालक मूला राम सहित आयोजकों और पार्टी में शामिल ग्राहकों को मौके से ही हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान रिसोर्ट परिसर से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप, हाई-पावर साउंड सिस्टम, पावर प्लस टैबलेट्स और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई।

दिल्ली और मध्य प्रदेश से जुड़े आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए 31 युवक मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर, गुना, खंडवा और उज्जैन के निवासी हैं, जबकि पकड़ी गई 8 युवतियां दिल्ली, उत्तर प्रदेश और ओडिशा की रहने वाली हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल संचालक मूला राम ने पैसों के लालच में अपने रिसोर्ट को इस तरह की अनैतिक गतिविधियों के लिए उपलब्ध कराया था।

जांच जारी, कोर्ट में पेश

इस पूरे मामले की विस्तृत जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर परिहार द्वारा की जा रही है। गुरुवार को सभी आरोपियों को न्यायालय, गोगुंदा में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई में डीएसपी गोपाल चन्देल, सायरा थानाधिकारी किशोर सिंह, गोगुंदा थाना पुलिस टीम और वृत कार्यालय के जवानों की अहम भूमिका रही। उदयपुर पुलिस की इस कार्रवाई को पर्यटन नगरी की छवि बचाने की दिशा में एक कड़ा और निर्णायक कदम माना जा रहा है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment