जयपुर, मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई उद्योग, व्यापार, सेवा क्षेत्र एवं कर सलाहकार संघों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बजट पूर्व चर्चा में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान को देश के औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए वित्तीय संसाधनों के समुचित प्रावधान किए जाएंगे। प्रदेश के औद्योगिक विकास से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिसका सीधा लाभ प्रदेश के लोगों को मिलेगा।
दिया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को औद्योगिक विकास में अग्रणी राज्य बनाने की और अग्रसर है। प्रदेश में औद्योगिक विकास की बहुत संभावनाएं हैं, जिन्हें साकार रूप देने के लिए सरकार सभी के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि राजस्थान में सड़क एवं रेल नेटवर्क सहित मजबूत आधारभूत संरचनाएँ विकसित की जा रही हैं, जो औद्योगिक विकास को गति प्रदान करेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की जा रही है। इस संबंध में जितने भी सुझाव प्राप्त हो रहे हैं उन्हें बजट में शामिल करने का पूरा प्रयास रहेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत की संकल्पना के अनुरूप औद्योगिक विकास के मामले में भी राजस्थान को मॉडल स्टेट बनाने के लिए वित्तीय संसाधनों में किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।
दिया कुमारी ने बताया कि औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कों, रेलवे और अन्य महत्वपूर्ण संसाधनों के विकास से औद्योगिक क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी और निवेश के लिए राजस्थान एक आकर्षक गंतव्य बनेगा।
यह बैठक राज्य के उद्योगों के विकास के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा करने और उन्हें बजट में शामिल करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। उपमुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार उद्योगों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी और औद्योगिक हब के रूप में राज्य की प्रतिष्ठा को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
आपको बता दें की इस चर्चा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अलावा उद्योग और खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ व कई अन्य मंत्री और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।











