जयपुर। नशे के खिलाफ राजस्थान पुलिस के सशक्त अभियान को अब एक नई पहचान मिल गई है। मंगलवार को पुलिस मुख्यालय सभागार में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के विशेष लोगो का विमोचन किया। इस लोगो के लॉन्च के साथ ही राजस्थान पुलिस की यह विशेष टास्क फोर्स अब अपने मिशन को एक समर्पित प्रतीक के साथ आगे बढ़ाएगी।
विमोचन कार्यक्रम के दौरान डीजी (लॉ एंड ऑर्डर) संजय कुमार अग्रवाल, एडीजी (एटीएस) दिनेश एम.एन., आईजी विकास कुमार, कुंवर राष्ट्रदीप, योगेश यादव, विकास शर्मा, दीपक अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

नया लोगो नशे के खिलाफ पुलिस की “संकल्प, समर्पण और सतर्कता” की भावना को दर्शाता है। यह प्रतीक इस टास्क फोर्स के उस उद्देश्य को उजागर करता है जिसके तहत नशे की तस्करी पर लगाम कसने, ड्रग नेटवर्क को ध्वस्त करने और युवाओं को नशे की चपेट में आने से बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
डीजीपी राजीव शर्मा ने कहा कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स राज्यभर में नशे के खिलाफ निरंतर और संगठित कार्रवाई कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नशे की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने और ड्रग्स नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार करने के लिए और अधिक सशक्त रणनीति के साथ काम करें।
उन्होंने यह भी कहा कि यह नया लोगो सिर्फ एक प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में नशा मुक्त राजस्थान के संकल्प को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करता है।
राजस्थान पुलिस का यह प्रयास राज्य में नशा नियंत्रण और जनजागरूकता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।










