एसआई भर्ती मामले पर कांग्रेस को घेरा
गृहराज्य मंत्री ने एसआई भर्ती में गड़बड़ी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता इस मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रहे हैं। यह मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए इसके संबंध में टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियां अब उजागर हो रही हैं। वहीं, भाजपा सरकार ने युवाओं को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रक्रिया का भरोसा दिलाया है।
उपचुनावों में कांग्रेस की हार पर तंज
बेढ़म ने उपचुनावों में कांग्रेस की हार को उसकी गुमराह करने की राजनीति का नतीजा बताया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने पांच में से केवल एक सीट जीती, जबकि भाजपा ने पांच सीटों पर विजय प्राप्त की। कांग्रेस को अब अपनी आपसी लड़ाई खत्म कर सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए।”
भजनलाल शर्मा सरकार के कामकाज की सराहना
गृहराज्य मंत्री ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने सफल “राइजिंग राजस्थान समिट” का आयोजन कर 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए, जो विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किए गए एमओयू केवल कागजों तक सीमित रह गए थे।
पेपरलीक पर कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया
जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुए 17 पेपरलीक मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि गहलोत सरकार ने इन अपराधों को रोकने में विफलता दिखाई। इसके विपरीत, भजनलाल शर्मा सरकार ने पेपरलीक गिरोह को सलाखों के पीछे भेजकर संगठित अपराधों पर नकेल कसी है। हाल ही में बीज निगम के पेपर को लीक करने के प्रयास में 14 माफियाओं को गिरफ्तार किया गया।
युवाओं को रोजगार का भरोसा
गृहराज्य मंत्री ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी नौकरियां प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे कांग्रेस की बयानबाजी से गुमराह न हों और भाजपा सरकार की योजनाओं पर विश्वास रखें।
राजस्थान को अपराध मुक्त और विकास की दृष्टि से नंबर वन बनाने का लक्ष्य
बेढ़म ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य राजस्थान को अपराध मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त और विकासशील बनाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 2047 तक विकसित भारत में राजस्थान का नाम सर्वोच्च स्थान पर होगा।