झालावाड़ जिला पुलिस ने चोरी, नकबजनी, लूट इत्यादि की घटनाओं में लिप्त अंतर्राज्यीय पारदी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त लग्जरी गाड़ी अर्टिगा एवं चोरी के चांदी के जेवर बरामद करने में सफलता हासिल की है। एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि पुलिस की 6 टीमों के 50 सदस्यों ने दिन-रात मेहनत कर आरोपी मुकेश कुमार नायक पुत्र हीरालाल (35) निवासी लड़ानियां थाना खानपुर हाल वार्ड नंबर 20 थाना छबड़ा, अनिल नायक पुत्र राजेंद्र नायक (20) निवासी मढाप थाना सांगोद कोटा ग्रामीण हाल वार्ड नंबर 20 थाना छबड़ा एवं जितेंद्र उर्फ जीतू सुमन पुत्र हरिचरण (25) निवासी आकाश नगर थाना छबड़ा जिला बारां को गिरफ्तार किया है।
एसपी तोमर ने बताया कि 13 जून को मनोहरथाना निवासी बनवारी लाल महाजन ने रिपोर्ट दी कि वह जेवर गिरवी रख किसानों को पैसे उधारी पर देता है। इन जेवरों को उसने मकान के नीचे कमरे में एक अलमारी के लॉकर में रखा हैं। रात को अज्ञात बदमाश खिड़की की ग्रिल तोड़कर 50 किलो चांदी के जेवर चुरा ले गये। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजीलाल मीणा व सीओ जरनेल सिंह के सुपरविजन एवं एसएचओ मनोहर थाना अमरनाथ योगी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जिसमें एसएचओ भालता व कामखेड़ा के साथ साइबर सेल व डीएसटी को शामिल किया गया। गठित टीमों द्वारा 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल तकनीकी व मनोवैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर छबड़ा व बनेठ से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए माल में से दो चांदी की कड़ियां व एक चांदी का कड़ा एवं घटना में प्रयुक्त कार जब्त की।
मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों को भी नामजद किया गया है, जिनकी तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस की टीम गिरफ्तार किये तीनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ में जुटी है।












