जबलपुर में पेट्रोल पंप संचालक ने खाया जहर:रोड किनारे कार में मिले बेहोश, 4 करोड़ से अधिक का है कर्ज 

---Advertisement---

(उजला दर्पण सीनियर रिपोर्टर रामगोपाल सिंह उईके)

जबलपुर  उजरौढ़ गांव में रहने वाले पेट्रोल पंप संचालक ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पातल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पंप संचालक पर 4 करोड़ रुपए से अधिक का कर्ज था। जिसको लेकर वह कुछ दिनों से परेशान थे। मंगलवार को गुरू पिपरिया गांव के पास सड़क से नीचे कार में शिव कुमार पटेल अचेत अवस्था में मिले थे। उन्हें स्थानीय ग्रामीणों ने अस्पताल भिजवाया और परिजनों के साथ पाटन थाना पुलिस को सूचना दी।

परिजनों के मुताबिक कुछ दिनों पहले शिव कुमार पटेल ने कुछ जमीन भी बेची थी।

पास ही पड़ा था पाइजन का पैकेट

पाटन तहसील के उजरौढ़ गांव में रहने पेट्रोल पंप संचालक मंगलवार को सुबह कार में घर से निकले। गुरू पिपरिया गांव के पास पहुंचते ही अचानक उनकी कार सड़क किनारे खेत में उतर गई। कार देखकर स्थानीय ग्रामीणों को लगा कि एक्सीडेंट हो गया है।

पास में गए तो ड्राइविंग सीट पर शिव कुमार पटेल बेहोश हालत में थे। पास में ही पाइजन का पैकिट पड़ा हुआ था। पाटन निवासी राजकुमार जैन ने बताया कि कुछ लोगों ने फोन कर बताया कि शिव कुमार का एक्सीडेंट हो गया है। मौके पर जाकर देखा तो वो कार में पड़े हुए थे।

ग्रामीण राजकुमार जैन ने बताया-

शिव कुमार के मुंह और कार से बदबू आ रही थी। उन्हें फौरन इलाज के लिए पाटन स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां हालत नाजुक होने के कारण जबलपुर रेफर कर दिया गया। डाॅक्टर ने उन्हें 72 घंटे तक आब्जर्वेशन में रखा है।

25 साल पहले खोला था पेट्रोल पंप

जानकारी के मुताबिक पाटन में करीब 25 साल पहले शिव कुमार ने पेट्रोल पंप खोला था। बीते कुछ सालों में जबलपुर-पाटन रोड पर और कई पेट्रोल पंप खुल गए थे, जिसके कारण उनके पंप की सेल कम हो रही थी। शिव कुमार के पास काफी जमीन है, हाल ही में उन्हें कुछ जमीन भी बेची थी। फिलहाल पुलिस शिव कुमार के होश में आने का इंतजार कर रही है।

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया-

प्राथमिक जांच में पता चला है कि शिव कुमार के ऊपर काफी कर्ज था, जिसके चलते कुछ लोग उन्हें परेशान भी कर रहे थे। शिव कुमार अभी बात करने की स्थिति में नहीं हैं। उनके होश में आने के बाद ही जहर खाने का कारण पता चलेगा।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment