(उजला दर्पण अंकित सेन स्टेट हेड)
जबलपुर — शहर के विक्टोरिया अस्पताल में इलाज कराने आए मरीज इन दिनों बीमारी से कम, दुर्गंध और गंदगी से ज्यादा परेशान हैं। अस्पताल परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी और लापरवाह व्यवस्थाओं ने हालात बदतर कर दिए हैं।
गैंग्रीन वार्ड का तो हाल और भी भयावह है — यहां बदबू इतनी तीखी है कि 5 मिनट खड़े रहना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यहां भर्ती मरीज और उनके परिजनों का हाल क्या होता होगा, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब मरीज या उनके परिजन सफाई और पंखों की खराबी को लेकर स्टाफ से शिकायत करते हैं, तो जवाब मिलता है — “एक बार सफाई हो चुकी है, दुर्गंध तो रहेगी… पंखा नहीं चल रहा तो हम क्या करें!” इस लापरवाह रवैये ने लोगों का गुस्सा और बढ़ा दिया है।
वार्ड में लगे पंखे तक ढंग से काम नहीं कर रहे, जिससे उमस और गर्मी में मरीजों की तकलीफ कई गुना बढ़ गई है। जिम्मेदार अधिकारी मानो आंख मूंदकर बैठे हैं और आम लोगों की जान से खिलवाड़ हो रहा है।











