सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में लघु फिल्म का प्रदर्शन, विभिन्न विभागों के शीर्ष अधिकारी रहे उपस्थित
जयपुर, 26 नवम्बर। राजस्थान सचिवालय में 76वें संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार सुबह 10 बजे मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अगुवाई में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता की और भारत के संविधान में निहित मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। 
कार्यक्रम की शुरुआत में सामान्य प्रशासन विभाग के शासन सचिव डॉ. जोगाराम और कार्मिक विभाग की शासन सचिव श्रीमती अर्चना सिंह ने मुख्य सचिव का स्वागत किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया।
इस अवसर पर संविधान पर आधारित एक लघु डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, उसके मूल सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मूल्यों को सरल और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया था।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। संविधान दिवस के इस औपचारिक आयोजन का उद्देश्य प्रशासनिक तंत्र को संवैधानिक मूल्यों और कर्तव्यों की पुनः याद दिलाना रहा।










