जयपुर, 23 नवंबर। राजधानी जयपुर स्थित नाहरगढ़ जैविक उद्यान ने रविवार को पर्यटकों की बड़ी संख्या का स्वागत किया। सुहावने मौसम और अवकाश के कारण कुल 2,068 पर्यटकों ने उद्यान का भ्रमण किया और वन्यजीवों को नजदीक से देखने का आनंद लिया। सुबह से ही दर्शकों की आवाजाही लगातार बढ़ती रही, जिससे पूरा परिसर जीवंत माहौल से भरा नजर आया।

सहायक वन संरक्षक देवेन्द्र सिंह राठौड़ के अनुसार इस रविवार लायन सफारी सबसे बड़ा आकर्षण रही। 432 पर्यटकों ने सफारी का अनुभव लिया और एशियाटिक लायन को बेहद करीब से देखने का रोमांच महसूस किया। शेरों की गतिविधियों, जंगल का प्राकृतिक परिवेश और सफारी का थ्रिल पर्यटकों के लिए यादगार साबित हुआ।
साथ ही व्हाइट टाइगर भी दिन भर पर्यटकों की उत्सुकता का केंद्र बना रहा। कई परिवार और स्कूल समूह विशेष रूप से उसे देखने पहुंचे। शहर से नजदीक हरियाली, शांत वातावरण और वन्यजीवों का यह अनूठा संगम लोगों के लिए एक आदर्श वीकेंड आउटिंग बन गया।
मुख्य वन संरक्षक डॉ. टी. मोहनराज के निर्देशन में उद्यान में सुरक्षा, स्वच्छता, गाइडेंस और अन्य सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लायन सफारी गेट और बस ड्राइवरों को वायरलेस सेट उपलब्ध कराए गए हैं ताकि सफारी संचालन और संचार व्यवस्था अधिक प्रभावी बने।
रविवार को डीसीएफ विजयपाल सिंह और एसीएफ देवेंद्र सिंह राठौड़ ने उद्यान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। सफारी संचालन, वाहन व्यवस्था और पर्यटकों की सुरक्षा में राजाराम मीणा, सोनू मीणा, कैलाश, सहायक वनपाल हंसा देवी, सरिता चौधरी, उमेश वशिष्ठ, निर्मला देवी और भंवर सिंह ने पूरे दिन सराहनीय भूमिका निभाई।
नाहरगढ़ जैविक उद्यान इन दिनों जयपुरवासियों ही नहीं बल्कि बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के लिए भी प्राकृतिक सौन्दर्य और रोमांच का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। पर्यटन सीजन के बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में यहां पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि की संभावना है।










