,*एमपी में 16 जून से खुलेंगे सरकारी स्कूल:प्राइवेट स्कूलों ने गर्मी के चलते बढ़ाया समर वेकेशन; कुछ संस्थानों में डेट 23 जून तक बढ़ी*
*( जबलपुर में सभी सरकारी स्कूल कल 16 जून से खुल रहे हैं। और प्राइवेट स्कूल अपनी सुविधा अनुसार कुछ कल सोमवार से तो कुछ 17 जून और कुछ 23 जून से खुलेंगे)*
*भोपाल* मध्य प्रदेश में सरकारी और कुछ निजी स्कूल कल 16 जून से फिर से खुलने के लिए तैयार हैं। हालांकि, भीषण गर्मी के कारण कुछ निजी स्कूलों ने कक्षा 8वीं तक के बच्चों के लिए स्कूल खोलने की तारीख 23 जून तक बढ़ा दी है। इन स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।
भोपाल के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) नरेंद्र अहिरवार ने स्पष्ट किया है कि सरकार ने स्कूल बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं किया है, इसलिए सभी सरकारी स्कूल खुले रहेंगे। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों का खुलने की तारीख बदलने का फैसला उनका अपना है।
*इन जिलों में यह स्थिति*
*ग्वालियर* : सरकारी स्कूल 16 जून से बच्चों के लिए खुलेंगे।
रीवा: जिला शिक्षा अधिकारी सुदामा गुप्ता ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सोमवार से स्कूल खुलेंगे।
*जबलपुर* : सभी सरकारी स्कूल अपने समय से खुल रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रिंसिपलों को निर्देश दिए हैं कि समय पर टीचर के साथ स्कूल पहुंचे। प्राइवेट स्कूल अपनी सुविधा अनुसार स्कूलों को खोल रहे हैं। जबलपुर में कुछ प्राइवेट स्कूल सोमवार से खुलेंगे तो कुछ 17 जून और कुछ 23 जून से।
*उज्जैन* : सभी निजी और सरकारी स्कूल सोमवार से खुलेंगे। कुछ सरकारी स्कूलों में 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं होंगी। जिन स्कूलों में परीक्षा होनी है वहां पर 12 बजे से स्कूल संचालित होंगे। जहां पर परीक्षा नहीं है वह पर नियमानुसार सुबह और दिन की शिफ्ट में स्कूल लगेंगे।
*गुना* : सभी स्कूल तय समय पर ही खुलेंगे। DEO सीएस सिसोदिया ने बताया कि सभी सरकारी स्कूल खुलेंगे। सुबह 10:30 से 5:30 का समय रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि अभी देखते हैं, अगर आगे गर्मी पड़ती है और आसपास के जिले अगर समय बदलते हैं, तो उस पर भी विचार किया जाएगा।
*रतलाम* : स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म हो रहा है। इसको देखते हुए सरकारी व प्राइवेट स्कूल खुलेंगे। कुछ प्राइवेट स्कूल छोटी क्लास के बच्चों के लिए 18 जून से क्लासेस लगाएंगे।
*सागर* : जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि पूर्व की तरह स्कूल खुले रहेंगे। छुट्टी के कोई आदेश नहीं है।












