माध्यमिक-प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा
कर्मचारी चयन मंडल ने बदली आवेदन की तारीख, अब 20 तक भरे जाएंगे फार्म
(उजालादर्पण राष्ट्रीय समाचार पत्र भोपाल)
*भोपाल* मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा के लिए आवेदन जमा करने की तारीख बढ़ा दी है। अभ्यर्थी अब 20 फरवरी तक इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे एवं 25 फरवरी तक आवेदन फार्म में संशोधन किया जा सकेगा।
स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग में शिक्षकों के रिक्त 7929 पदों के लिए यह परीक्षा की जा रही है। परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार मंडल ने अभ्यर्थियों से 28 जनवरी से 11 फरवरी 2025 तक आवेदन मांगे थे और वे 16 फरवरी तक अपने आवेदन में संशोधन करा सकते थे। इस बीच मेंटनेंस के लिए MPedistrict पोर्टल बंद कर दी गई। जिस वजह से परीक्षा आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज बनवाना मुश्किल हो रहा था।
इंडियन EWS यूनियन ने इस मुद्दे का उठाया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर परीक्षा आवेदन जमा करने की तारीख बढ़ाने की मांग की थी। मंडल ने इसे जायज मांग मानते हुए मंगलवार देर शाम आवेदन जमा करने की तारीख में संशोधन कर दिया। बता दें कि यह परीक्षा 20 मार्च से दो शिफ्ट (सुबह 9 से 11 बजे और दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक) तक आयोजित की जाएगी। इसमें 80 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।










