जयपुर। राजस्थान में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत ने रिकॉर्ड तोड़ सफलता दर्ज की है। राज्य भर में करीब 5 लाख 98 हजार 407 लंबित मामलों को आपसी समझौते से सुलझा लिया गया। कुल मिलाकर 43 लाख 19 हजार 138 मामलों का निस्तारण किया गया, जिनमें से अधिकांश राजीनामे के ज़रिए हल हुए।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से यह आयोजन राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर और जयपुर पीठ, जिला न्यायालयों, उपभोक्ता मंचों, राजस्व न्यायालयों और विभिन्न अधिकरणों में किया गया। इस अभियान की कमान न्यायाधीश चन्द्रशेखर के हाथों में रही।
जोधपुर में 108 और जयपुर में 82 केस सुलझाए गए
जोधपुर हाईकोर्ट की मुख्य पीठ में 108 और जयपुर पीठ में 82 मामलों का समाधान हुआ। इस मौके पर हाईकोर्ट के जज, अधिवक्ता, पक्षकार, न्यायिक कर्मचारी और विधि छात्र भी शामिल हुए। लोक अदालत की यह पहल लोगों के लिए न्याय को सुलभ और सस्ता बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
6 अरब रुपये से ज्यादा की रकम का सेटलमेंट
इस लोक अदालत के जरिए कुल 6 अरब 15 करोड़ 19 लाख 71 हजार 757 रुपये की राशि के अवॉर्ड पारित किए गए। यह रकम बताती है कि किस स्तर पर लोगों के बीच विवाद खत्म कर उन्हें राहत पहुंचाई गई है।
रेड अलर्ट ने कुछ जिलों में रोका आयोजन
बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, जैसलमेर और श्रीगंगानगर में संभावित एयर स्ट्राइक के अलर्ट के चलते रेड अलर्ट घोषित किया गया। इसके चलते इन इलाकों में लोक अदालत का आयोजन टालना पड़ा। दोपहर बाद जोधपुर जिले में भी रेड अलर्ट लगने के कारण वहां की लोक अदालत स्थगित कर दी गई।










