जयपुर, राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार ले रहे क्षत्रिय युवक संघ के तत्कालीन संघ प्रमुख और वर्तमान संरक्षक भगवान सिंह रोलसाहब की कुशलक्षेम पूछी।
देवनानी ने सवाई मानसिंह अस्पताल के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी और अधीक्षक डॉ. सुशील भाटी से भगवान सिंह के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने भगवान सिंह को शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं।
देवनानी ने अस्पताल प्रशासन से बातचीत के दौरान कहा कि भगवान सिंह ने क्षत्रिय युवक संघ को मजबूत बनाने और समाज में एकता एवं सेवा की भावना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका शीघ्र स्वस्थ होना न केवल संघ के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए महत्वपूर्ण है। भगवान सिंह की स्थिति पर ध्यान रखते हुए, देवनानी ने अस्पताल प्रशासन को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।










