नई दिल्ली, 03 जनवरी 2026। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के ताज़ा सब्सक्रिप्शन आंकड़ों पर आधारित एनालिस्ट और ब्रोकरेज हाउस रिपोर्ट्स में रिलायंस जियो को एक बार फिर इंडस्ट्री लीडर बताया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नवंबर 2025 में वायरलेस सब्सक्राइबर जोड़ने और एक्टिव (VLR) यूज़र्स की संख्या बढ़ाने—दोनों मोर्चों पर जियो सबसे आगे रहा। यह बढ़त न सिर्फ कुल ग्राहकों में दिखी, बल्कि एक्टिव यूज़र बेस में भी स्पष्ट रूप से दर्ज की गई।
जेफरीज, मॉर्गन स्टैनली और कोटक जैसी प्रमुख ब्रोकरेज रिपोर्ट्स के अनुसार, जियो ने नवंबर में करीब 12 लाख नए वायरलेस सब्सक्राइबर जोड़े। इसके साथ ही जियो लगातार नौवें महीने एक्टिव यूज़र ग्रोथ में भारती एयरटेल से आगे बना रहा। नवंबर में जियो एकमात्र टेलीकॉम ऑपरेटर रहा, जिसके एक्टिव (VLR) सब्सक्राइबर बढ़े, जबकि अन्य कंपनियों को इस सेगमेंट में गिरावट का सामना करना पड़ा।
एनालिस्टों के अनुसार, देश के 22 में से 17 टेलीकॉम सर्किल्स में जियो का VLR शेयर बढ़ा। जम्मू-कश्मीर और पंजाब में ग्रोथ सबसे अधिक दर्ज की गई। नवंबर में जियो का एक्टिव VLR मार्केट शेयर बढ़कर 43.7% हो गया, जो महीने-दर-महीने 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़त को दर्शाता है। इसी अवधि में एयरटेल, वोडाफोन आइडिया और अन्य ऑपरेटर्स के मार्केट शेयर में हल्की गिरावट देखी गई। इंडस्ट्री विश्लेषण में VLR को आमतौर पर ARPU से जोड़कर देखा जाता है, ऐसे में यह बढ़त जियो की रेवेन्यू प्रोफाइल के लिए भी सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।
होम ब्रॉडबैंड सेगमेंट में भी जियो की बढ़त कायम रही। कोटक की रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर में कुल ब्रॉडबैंड नेट एडिशन का लगभग 68% हिस्सा जियो के नाम रहा। मोबाइल ब्रॉडबैंड के साथ-साथ 5G फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) में भी जियो ने बढ़त बनाए रखी। मॉर्गन स्टैनली के अनुसार, 5G FWA और UBR सहित फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस में जियो ने एयरटेल के मुकाबले लगभग ढाई गुना अधिक नए सब्सक्राइबर जोड़े।
कुल मिलाकर, TRAI डेटा पर आधारित इन रिपोर्ट्स से साफ है कि सब्सक्राइबर ग्रोथ, एक्टिव यूज़र बेस और होम ब्रॉडबैंड—तीनों प्रमुख सेगमेंट्स में जियो की बढ़त बरकरार है, जिससे टेलीकॉम इंडस्ट्री में उसकी लीडरशिप और मजबूत हुई है।










