झालावाड़ | पिड़ावा थाना क्षेत्र में वाहन टकराने के विवाद के बाद युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिट्टू उर्फ सईद अनवर खां (28) और अनीस उर्फ अनस (20) के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले के सुसनेर कस्बे के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार और चाकू भी जब्त किया है।
बायपास पर साइड मांगना पड़ा भारी
पुलिस के मुताबिक, 16 मई की शाम को सेठान मोहल्ला निवासी सौरभ जैन अपने परिवार के साथ कार से भवानी मंडी जा रहा था। बायपास रोड मठ तिराहे के पास रास्ते में एक एमपी नंबर की कार सड़क के बीच खड़ी थी। सौरभ ने साइड के लिए हॉर्न बजाया, जिस पर उस कार के चालक ने गाड़ी बैक कर टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कार से उतरे दो युवक—बिट्टू और अनीस—गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर बिट्टू ने चाकू निकालकर सौरभ पर हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई। इस बीच फरहान नाम का एक युवक मौके पर पहुंचा और तीनों ने मिलकर सौरभ से मारपीट की।
पुलिस ने 24 घंटे में दबोचे आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पिड़ावा थाने में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजी लाल मीणा, सीओ सुनील कुमार और पिड़ावा एसएचओ सुरेश कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को दोनों मुख्य आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ की।
पुछताछ और जांच के बाद दोनों को हत्या के प्रयास के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई किआ कार और चाकू बरामद कर लिया गया है।
अन्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य युवक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, झगड़े की वजह मामूली थी, लेकिन मामला हिंसा तक पहुंच गया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हैं।










