झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना को लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए मिलेगा ‘प्रधानमंत्री पुरस्कार’, 21 अप्रैल को PM मोदी करेंगे सम्मानित*

---Advertisement---

*झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना को लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए मिलेगा ‘प्रधानमंत्री पुरस्कार’, 21 अप्रैल को PM मोदी करेंगे सम्मानित*

*झाबुआ* कलेक्टर नेहा मीना को देश के सबसे बड़े प्रशासनिक पुरस्कारों में से एक “प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार-2024” (Prime Minister’s Awards for Excellence in Public Administration-2024) के लिए चुना गया है। उन्हें यह सम्मान ‘आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम’ (Aspirational Blocks Programme) श्रेणी के तहत मिलेगा । पुरस्कार उन्हें 21 अप्रैल 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों दिया जाएगा। इस दिन को राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिसमें देशभर के बेहतरीन अफसरों को उनके काम के लिए सम्मानित किया जाता है।

*कैसे हुआ चयन?*

नेहा मीना का चयन एक लंबी प्रक्रिया के बाद हुआ है। सबसे पहले अधिकारियों के काम का मूल्यांकन हुआ, फिर अलग-अलग स्तर की कमेटियों ने आवेदन की जांच की। इसके बाद 4 अप्रैल को नई दिल्ली में इंटरव्यू हुआ। इंटरव्यू कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में बनी विशेषज्ञ समिति ने लिया। उनके काम को देखकर उन्हें देशभर के 16 चुने गए अधिकारियों में शामिल किया गया।

*ग्रामीण इलाकों में सरकारी योजनाओं को जमीन पर उतारा*

बता दें कि यह पुरस्कार भारत सरकार उन अफसरों को देती है जो लोगों की जिंदगी में बदलाव लाने वाले काम करते हैं। झाबुआ जिले में बतौर कलेक्टर नेहा मीना ने शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण जैसे क्षेत्रों में खास काम किए हैं। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में योजनाओं को जमीन पर उतारा और आम लोगों तक सरकारी सुविधाएं पहुँचाईं। उनके काम की वजह से जिले में बदलाव साफ दिखाई दिया, इसी कारण उन्हें यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मान मिल रहा है।

आपको बता दे कि भारत सरकार द्वारा देश भर में सिविल सेवकों द्वारा किए गए अनुकरणीय कार्यों को अभिस्वीकृत करने, मान्यता देने और पुरस्कृत करने के लिए लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। वर्ष 2024 के लिए लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार की योजना का उद्देश्य तीन श्रेणियों में सिविल सेवकों के योगदान को मान्यता देना है:

*श्रेणी 1:* 11 प्राथमिकता वाले क्षेत्र कार्यक्रमों के तहत जिलों का समग्र विकास। इस श्रेणी के तहत 5 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
*श्रेणी 2:* आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम। इस श्रेणी के अंतर्गत 5 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। *श्रेणी 3:* केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों, राज्यों, जिलों के लिए नवाचार। इस श्रेणी के अंतर्गत 6 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार के चयन के लिए आवेदनों का मूल्यांकन 5 चरणों में किया जाता है। जिसमें –
(i)अपर सचिवों की अध्यक्षता वाली स्क्रीनिंग समिति द्वारा आवेदनों का चिन्हांकन किया जाता है
(ii) अपर सचिवों की अध्यक्षता वाली छानबीन समिति द्वारा जिलों/संगठनों के आवेदकों का प्रेजेंटेशन के मूल्यांकन के माध्यम से लघु सूचीबद्ध किया जाता है
(iii) सचिव, डीएआरपीजी की अध्यक्षता वाली विशेषज्ञ समिति द्वारा मूल्यांकन किया जाता है
(iv) कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता वाली एक्सपर्ट कमेटी द्वारा आवेदकों के इंटरव्यू के उपरान्त पुरस्कारों के लिए सूची को अंतिम रूप दिया जाता है।
(v) पुरस्कारों के लिए एक्सपर्ट कमेटी की सिफारिशों पर बनी सूची पर माननीय प्रधानमंत्री जी की मंजूरी ली जाती है। मंज़ूरी उपरांत अवार्ड लेने वाले अधिकारियों की सूची अंतिम की जाती है।
प्रधानमंत्री पुरस्कार-2024 में-(i) ट्रॉफी, (ii) स्क्रॉल और (iii) पुरस्कृत जिले/संगठन को 20 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जिसका उपयोग परियोजना/कार्यक्रम के कार्यान्वयन या लोक कल्याण के किसी भी क्षेत्र में संसाधनों की कमी को पूरा करने के लिए किया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment