जयपुर में जेसीटीएसएल कांट्रैक्ट एम्पलाइज यूनियन (सीटू) और प्रबंधन के बीच दो दिन से चल रही हड़ताल मंगलवार को समझौते के साथ समाप्त हो गई। सहमति के तहत मृतक श्रमिक के परिजनों को कंपनी की ओर से ₹1 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। दुर्घटना ग्रस्त कर्मचारी का पूरा इलाज कंपनी वहन करेगी, साथ ही उसे भी ₹1 लाख की मदद प्रदान की जाएगी।
1 दिसंबर से सभी ड्राइवरों के वेतन में ₹1000 की वृद्धि लागू होगी और अगले वर्ष भी ₹1000 की अतिरिक्त बढ़ोतरी का प्रावधान रखा गया है। हड़ताल अवधि में किसी भी कर्मचारी के खिलाफ प्रतिशोधात्मक कार्रवाई न करने का निर्णय लिया गया है। किसी ड्राइवर की शिकायत पर प्रबंधन अब सीधे कार्रवाई नहीं करेगा, पहले यूनियन से चर्चा के बाद ही निर्णय होगा।
समझौते पर यूनियन अध्यक्ष हरिओम शर्मा, महामंत्री शिशुपाल जाट तथा पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किए। आमसभा की सहमति के बाद हड़ताल समाप्त घोषित की गई। सीटू जिला अध्यक्ष और रोडवेज यूनियन के प्रदेश महामंत्री किशन सिंह राठौड़ और सीटू प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह शेखावत ने इस समझौते को कर्मचारियों की महत्वपूर्ण जीत बताया और सभी साथियों को बधाई दी।
JCTCL कांट्रैक्ट कर्मचारियों की हड़ताल समझौते के बाद समाप्त, वेतन वृद्धि और मुआवजे पर बनी सहमति
by उजला दर्पण
Updated On: November 26, 2025 8:04 pm

---Advertisement---









