जयपुर। कभी जयपुर के महारानी कॉलेज में बीबीए की छात्रा रही रूचि गुर्जर ने अभिनय के क्षेत्र में ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो हर युवा का सपना होता है। अपनी पहली फिल्म ‘लाइफ’ में दमदार किरदार निभाकर रूचि ने सीधे कांन्स फिल्म फेस्टिवल 2025 में दस्तक दी है। यह फिल्म भारत की ओर से इस प्रतिष्ठित मंच पर प्रस्तुत की जा रही है।

फिल्म ‘लाइफ’ में महिला संघर्षों को दिखाया
इस फिल्म में रूचि ने एक ऐसी महिला की भूमिका निभाई है जो समाज के दबाव और व्यक्तिगत संघर्षों से लड़ती है। गर्भपात और आत्महत्या जैसे नाजुक मुद्दों को छूती यह फिल्म दर्शकों को न सिर्फ सोचने पर मजबूर करती है, बल्कि एक गहरा सामाजिक संदेश भी देती है।
झुंझुनू से कांन्स तक का सफर
रूचि कहती हैं, “झुंझुनू जैसे छोटे शहर से निकलकर कांन्स फिल्म फेस्टिवल तक पहुंचना मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। यह सफर हर उस लड़की के नाम है जो अपने सपनों को उड़ान देना चाहती है।”
कई नामी चेहरे और संस्थाएं जुड़ीं फिल्म से
फिल्म में निशांत मलकानी ने मुख्य अभिनेता की भूमिका निभाई है, जबकि निर्देशन चंद्रकांत सिंह ने किया है। साथ ही सीके आर्ट्स, एसआर इवेंट्स एंड एंटरटेनमेंट और पिजन मीडिया ने फिल्म निर्माण में सहयोग किया।












