जयपुर, नगर निगम ग्रेटर द्वारा आयोजित किए जा रहे जयपुर योग महोत्सव-2024 के चौथे दिन गुरुवार को बायो डायवर सिटी फॉरेस्ट गोविंदपुरा, झोटवाड़ा में योग शिविर का आयोजन हुआ। इस योग शिविर में आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

गायत्री सप्त क्रांति ट्रस्ट द्वारा इस अवसर पर गायत्री सूक्ष्म नैनो यज्ञ का आयोजन भी किया गया। योग शिविर का संचालन पतंजलि योग समिति के कूलभूषण बैराठी और प्रीती शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पतंजलि योग समिति के मुख्य संरक्षक महेन्द्र यादव थे।
महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता न केवल हमारे स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है, बल्कि हमारे पर्यावरण को भी संरक्षित करती है। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और अपने शहर को स्वच्छ रखने की अपील की।
गौरतलब है कि 10 जून से नगर निगम ग्रेटर द्वारा विभिन्न स्थानों पर योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जो 21 जून तक चलेंगे। इस अवसर पर विकास बारहठ, रमेश गुप्ता सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे, जिन्होंने योग शिविर में भाग लिया और इसका लाभ उठाया।
जयपुर योग महोत्सव का उद्देश्य लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ और खुशहाल जीवन की प्रेरणा देना है। महोत्सव के दौरान विभिन्न योग आसनों और ध्यान विधियों का अभ्यास कराया जा रहा है, जिससे नागरिकों को अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद मिल रही है।












