जयपुर टाइगर फेस्टिवल 2025 : राज्यपाल को भेजा गया औपचारिक निमंत्रण 11 से 14 दिसंबर तक जेकेके में होगा भव्य आयोजन

---Advertisement---

जयपुर।वन्यजीव संरक्षण और कला-संस्कृति के अनूठे मेल का प्रतीक बन चुका जयपुर टाइगर फेस्टिवल 2025 इस वर्ष और भी भव्य रूप में आयोजित होने जा रहा है। 11 से 14 दिसंबर तक जवाहर कला केंद्र (JKK) में होने वाले इस महोत्सव को लेकर तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में फेस्टिवल की आयोजक समिति ने राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े से मुलाकात कर उन्हें औपचारिक निमंत्रण सौंपा। राज्यपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कार्यक्रम में उपस्थिति का आश्वासन दिया और कहा कि वन्यजीव संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय को जन-आंदोलन बनाने में ऐसे आयोजन अत्यंत प्रभावी भूमिका निभाते हैं।

मुलाकात के दौरान फाउंडर पैट्रन धीरेंद्र के गोधा, अध्यक्ष संजय खवाड़, सचिव आनंद अग्रवाल, संयुक्त सचिव अरुण नारंग, आयोजन समिति सदस्य शुभम अग्रवाल और डॉ. अरुण चोगले मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष फेस्टिवल का सातवां संस्करण है, जिसका पोस्टर हाल ही में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जारी किया था।

फेस्टिवल को इस बार विशेष रूप से विस्तृत रूप दिया जा रहा है। फाउंडर पैट्रन धीरेंद्र के गोधा के अनुसार, कार्यक्रम में कई नई गतिविधियाँ और प्रतियोगिताएँ जोड़ी गई हैं। लगभग एक लाख से अधिक विद्यार्थी स्कूलों और कॉलेजों से बाघ संरक्षण व पर्यावरण जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

अध्यक्ष संजय खवाड़ ने बताया कि स्थल पर करीब 200 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और मनोरंजन से जुड़े आकर्षक प्रदर्शन शामिल होंगे। वहीं सचिव आनंद अग्रवाल ने जानकारी दी कि टाइगर फोटोग्राफी, पेंटिंग्स, वन्यजीव फोटोग्राफ्स और दुर्लभ डाक टिकटों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। तीन लाख से अधिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है, जिनमें विदेशी पर्यटक भी शामिल रहेंगे।

संयुक्त सचिव अरुण नारंग ने कहा कि प्रतिभागियों के लिए नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं, साथ ही आगंतुकों के लिए लाखों रुपये के लकी ड्रॉ इनाम भी रखे गए हैं। आयोजन समिति सदस्य शुभम अग्रवाल ने बताया कि पिछले छह वर्षों से यह फेस्टिवल राजस्थान में वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण चेतना को नई दिशा दे रहा है। इस वर्ष का आयोजन भी प्रकृति प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव बनने जा रहा है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment