जयपुर आर्ट वीक 5.0: 27 जनवरी से 3 फ़रवरी 2026 तक कला-शिल्प का वैश्विक महाकुंभ

---Advertisement---

जयपुर, 1 जनवरी। समकालीन कला के प्रभावशाली मंच के रूप में अपनी पहचान बना चुका जयपुर आर्ट वीक अपने पाँचवें संस्करण 5.0 के साथ 27 जनवरी से 3 फ़रवरी 2026 तक शहर के प्रमुख स्थलों पर आयोजित होने जा रहा है। पब्लिक आर्ट्स ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पाटी) द्वारा आयोजित यह आठ दिवसीय आर्ट महोत्सव ऐतिहासिक विरासत और समकालीन विचारों के बीच सशक्त संवाद स्थापित करेगा। आयोजकों ने इस संस्करण के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की पहली सूची जारी कर दी है, जिसमें फ़ीचर्ड, सोलो, ग्रुप, डिजिटल और पार्सन्स न्यूयॉर्क स्टूडेंट ग्रुप शो जैसी श्रेणियाँ शामिल हैं।

महोत्सव की संस्थापक सना रिज़वान के अनुसार, वर्ष 2026 के लिए अंतरराष्ट्रीय ओपन कॉल में 450 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 600 से ज्यादा कलाकारों को निःशुल्क प्रस्ताव-लेखन कार्यशालाओं के जरिए मार्गदर्शन दिया गया। इस संस्करण में जयपुर के अलग-अलग स्थानों पर 100 से अधिक कलाकार अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। कार्यक्रम में 15 से अधिक एकल प्रस्तुतियाँ और पाटी की समूह प्रदर्शनी शामिल होंगी। कलाकारों का चयन एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जूरी ने किया, जिसमें अनिता दुबे, रेनू मोदी, वुड एंड हैरिसन, ऐंद्रिया एमेलाइफ़ और सना रिज़वान शामिल रहीं। चयनित कलाकारों को विभा गल्होत्रा, गिगी स्कारिया, ठाकुरल एंड टैगरा और शुद्धब्रत सेनगुप्ता जैसे वरिष्ठ कलाकारों से मेंटरशिप भी दी गई है।

पहली सूची में घोषित प्रमुख कलाकार

फ़ीचर्ड प्रस्तुति में दिल्ली के चर्चित कलाकार ज़ीज़ी इस्कारिया शामिल हैं, जिनकी कृतियाँ राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सराही जा चुकी हैं।
सोलो प्रस्तुतियों में कोलकाता के अंकित डे, भारत आर्ट फ़ेयर यंग कलेक्टर्स प्रोग्राम 2025 के चयनित अंश कुमार, ईस्ट लंदन प्रिंटमेकर्स रेज़िडेंट 2023 और इमर्जिंग आर्टिस्ट अवॉर्ड साउथ एशिया 2024 से सम्मानित अरुशी सूरी, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय बोरिस कॉलिन ऐल्फ़ॉन्स, वेस्ट मटीरियल से सामाजिक-पर्यावरणीय संवाद रचने वाले एडगर मासेगू और ब्रिटिश अवॉर्ड विनिंग आर्टिस्ट जेम्स जॉनसन-पर्किन्स शामिल हैं, जिनकी कृतियाँ यूरोप, एशिया और उत्तरी अमेरिका में प्रदर्शित हो चुकी हैं।

ग्रुप एग्ज़िबिट में अदिति पटवारी, कला साक्षी आर्ट स्कॉलरशिप से सम्मानित अमन कुमार बावरिया, माटी फ़ाउंडेशन स्कॉलरशिप प्राप्त अयंतिका सजवाल, हुंडई आर्ट फ़ॉर होप ग्रांट और जेराम पटेल अवॉर्ड से सम्मानित ध्रुव पोद्दार, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सक्रिय नवीद वली और नसीन मोहम्मदी स्कॉलरशिप प्राप्त पार्थ इतवाला अपने कार्य प्रस्तुत करेंगे।
डिजिटल एग्ज़िबिट में ओडिसी फ़ेलोशिप प्राप्त अदिति अग्रवाल शामिल हैं। वहीं पार्सन्स प्रस्तुति में अलेस्सांद्रो सेक्कारेच्चिया, एंड्रयू फ़िंच, यूजीन ली, फ्रांसिस चियांग सहित 19 अंतरराष्ट्रीय छात्र कलाकार भाग लेंगे।

आयोजकों के अनुसार, जयपुर आर्ट वीक 5.0 न सिर्फ कला प्रदर्शनी बल्कि विचार, समाज और समय के बीच एक व्यापक वैश्विक संवाद का मंच बनेगा, जो शहर को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय कला मानचित्र पर केंद्र में स्थापित करेगा।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment