*जबलपुर रेलवे स्टेशन पर सिरफिरे युवक ने किया तोड़फोड़, आरपीएफ ने पकड़ा*

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित रेलवे स्टेशन 1 में खड़े यात्रियों में उस वक्त अफरातफरी व भगदड़ मच गई, जब एक सिरफिरे युवक ने प्लेटफार्म क्रमांक एक पर बने टिकट काउंटर में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक के टिकट काउंटर पर देर रात तीन बजे के लगभग एक युवक हाथ में राड लेकर पहुंचा और गाली गलौज करते हुए काउंटर के अंदर पहुंचकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
आरपीएफ के जवानों ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया और उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना में रेलवे को काफी नुकसान हुआ है, लेकिन टिकट मशीन सुरक्षित होने के कारण टिकट वितरण में कोई दिक्कत नहीं आई।
करीब 15 मिनट तक सिरफिरे युवक ने जमकर हंगामा कर लोगों को खदेड़ा। हंगामे की जानकारी लगते ही आरपीएफ थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में लिया।
घटना को लेकर आज भी रेलवे कर्मचारियों के बीच चर्चा का माहौल बना रहा। उनका कहना है कि कभी भी कोई भी स्टेशन में घुस आता है और फिर इस तरह का हंगामा होता है। स्टेशन में आने-जाने वालों पर आरपीएफ को कड़ी नजर रखना होगा।










