*जबलपुर में फिर जानलेवा बना कोरोना, COVID पॉजिटिव गर्भवती महिला की मौत से हड़कंप*
(सालीवाड़ा की 27 वर्षीय महिला की कोरोना संक्रमण से मौत)
*जबलपुर* नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती सालीवाड़ा बरगी निवासी 27 वर्षीय महिला की 15 जून रविवार सुबह मौत हो गई, बताया जाता है कि महिला कोरोना संक्रमण से ग्रसित थी। महिला को बीती रात 10 बजे स्त्री एवं प्रसूति विभाग से रेफर कर कोविड वार्ड में भर्ती किया गया था। उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही और तमाम इलाज के बावजूद आज 15 जून की सुबह 9:30 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा और मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक अरविंद शर्मा ने एनडीटीवी को बताया कि गर्भवती महिला को प्रसव के लिए गायनिक विभाग में भर्ती किया गया था. सफल शल्य चिकित्सा (पोस्टऑप एलएससी) के बाद उसने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया. लेकिन, ऑपरेशन के अगले ही दिन उसकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई, जिसके बाद उसे तुरंत कोविड वार्ड में स्थानांतरित किया गया.
*अचानक से कम हुआ ऑक्सीजन और बढ़ गई धड़कन*
शनिवार रात लगभग 9 बजे महिला को कोविड वार्ड में शिफ्ट किया गया. उसकी तबीयत बिगड़ने पर एनेस्थीसिया विशेषज्ञों से सलाह ली गई. रविवार सुबह अचानक उसकी स्थिति गंभीर हो गई. ऑक्सीजन सैचुरेशन तेजी से गिरा और ईसीजी रिपोर्ट में वेंट्रिकुलर टैचीकार्डिया (अत्यधिक तेज धड़कन) दर्ज किया गया. डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए तमाम कोशिश की, बावजूद उसे मृत घोषित कर दिया गया.
महिला का अंतिम संस्कार कोरोना प्रोटोकॉल के तहत नगर निगम की निगरानी में किया जाएगा। जबलपुर में अब दो सक्रिय मरीज शहर में वर्तमान में कोरोना के दो सक्रिय मामले हैं। इनमें अधारताल क्षेत्र का एक 82 वर्षीय बुजुर्ग और मदन महल का एक युवक शामिल है। दोनों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम इन मरीजों की लगातार निगरानी कर रही है।











