MP में मिला भारत का सबसे गरीब आदमी, इनकम सर्टिफिकेट में सालाना आय सिर्फ 3 रुपये।

---Advertisement---

सतना । दुनिया भर में अरबपतियों की सूची बनती हैं। लेकिन अगर कभी “सबसे गरीब आदमी” की सूची तैयार हो, तो मध्यप्रदेश के सतना जिले का यह नाम सबसे ऊपर रहेगा। यहां के नयागांव निवासी रामस्वरूप का एक आय प्रमाण पत्र सामने आया है। इसमें उसकी सालाना आय महज तीन रुपये दर्ज है। यानी महीने भर की औसत आमदनी 25 पैसे। इतने में न चाय मिलती, न नमक।
यह कोई सोशल मीडिया पर वायरल चुटकुला नहीं है। बल्कि प्रशासन की ओर से विधिवत जारी किया गया एक आधिकारिक दस्तावेज है, जिस पर तहसीलदार के हस्ताक्षर भी हैं। पूरा मामला सतना जिले की कोठी तहसील का है। यहां के नयागांव गांव में रहने वाले रामस्वरूप पिता श्यामलाल के नाम पर 22 जुलाई 2025 को एक आय प्रमाण पत्र जारी किया गया। इस दस्तावेज में उसकी और उसके पूरे परिवार की सालाना आमदनी तीन रुपये दर्शाई गई है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस प्रमाण पत्र पर तहसीलदार सौरभ द्विवेदी के हस्ताक्षर भी हैं। यानी यह किसी शरारत का हिस्सा नहीं बल्कि प्रशासन की अनदेखी का प्रमाण है। जैसे ही यह दस्तावेज सोशल मीडिया पर पहुंचा, लोगों ने व्यवस्था की गंभीर चूक पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। लोग सोचने पर मजबूर है कैसे कोई इतना गरीब हो सकता है।
प्रशासन की कार्यशैली को लेकर चिंता भी जताई जा रही है कि किस आधार पर ऐसे प्रमाण पत्र तैयार होते हैं। कोठी तहसीलदार सौरभ द्विवेदी से इस मसले पर बात की गई तो उन्होंने बताया की यह एक लिपिकीय त्रुटि थी। जैसे ही मामला सामने आया पुराना प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया गया है और नया प्रमाण पत्र जारी किया गया है। नए सर्टिफिकेट में रामस्वरूप की वास्तविक सालाना आय 30,000 दर्शाई गई है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment