जयपुर, इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आईएटीओ) का 39वां वार्षिक अधिवेशन 30 अगस्त से 1 सितंबर तक भोपाल में आयोजित किया गया। इस अधिवेशन में राजस्थान पर्यटन को बेस्ट डिजिटल मार्केटिंग के लिए ‘राजस्थान स्टेट’ कैटेगरी में अवॉर्ड प्रदान किया गया। यह सम्मान पर्यटन विभाग की संयुक्त निदेशक (मार्केटिंग) सुमिता सरोच को आईएटीओ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव मेहरा द्वारा प्रदान किया गया। तीन दिवसीय अधिवेशन, जो ‘रिसर्जेंट इंडिया इनबाउंड’ थीम पर आधारित था, के दौरान संयुक्त निदेशक (फेयर एंड फेस्टिवल) पुनीता सिंह ने राजस्थान पर्यटन पर एक समग्र प्रस्तुति दी।
पर्यटन विभाग के उपनिदेशक (मार्केटिंग और सोशल मीडिया) दलीप सिंह राठौड़ का कहना है कि राजस्थान को सोशल मीडिया और डिजिटल प्रमोशन कैटेगरी में बेस्ट अवॉर्ड मिलना यह दर्शाता है कि राज्य लगातार नवाचार कर रहा है और सोशल व डिजिटल मीडिया के जरिए दुनिया भर से पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।
यह अवॉर्ड राजस्थान पर्यटन के बढ़ते प्रभाव और उनकी डिजिटल रणनीतियों की सफलता को दर्शाता है, जो न केवल भारतीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को भी आकर्षित कर रहे हैं।











