ऐतिहासिक उपलब्धि: राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA)को मिला देश का सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थान का दर्जा

---Advertisement---

• राज्यों के पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों में ‘उत्कृष्ट संस्थान’ मान्यता पाने वाली देश की पहली अकादमी
• क्षमता विकास आयोग ने शीर्ष 5 में शामिल किया

जयपुर, 10 दिसंबर। राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) ने देश के पुलिस प्रशिक्षण इतिहास में ऐतिहासिक सफलता दर्ज करते हुए एक नया मापदंड स्थापित किया है। भारत सरकार के क्षमता विकास आयोग ने आरपीए को ‘उत्कृष्ट प्रशिक्षण संस्थान’ (Excellent Institution) का प्रतिष्ठित दर्जा प्रदान किया है। यह सम्मान पाने वाली यह देश की पहली राज्य स्तरीय पुलिस प्रशिक्षण अकादमी बन गई है, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष पाँच सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थानों में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है।

डीजीपी और डीजी ट्रेनिंग ने दी बधाई
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने अकादमी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह राजस्थान पुलिस के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणित करता है कि हमारे प्रशिक्षु देश के श्रेष्ठतम प्रशिक्षण ढाँचे में तैयार हो रहे हैं और इस उत्कृष्टता को बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है।
महानिदेशक प्रशिक्षण अनिल पालीवाल ने कहा कि आरपीए ने देशभर में एक मिसाल कायम की है। यह दर्जा न केवल वर्तमान सफलता को दर्शाता है, बल्कि प्रशिक्षण प्रणालियों में नवाचार एवं गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रेरणा का कार्य करेगा।

कड़े 43 मानकों पर खरा उतरा आरपीए
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एवं निदेशक आरपीए संजीव नार्जारी ने बताया कि क्षमता विकास आयोग ने आरपीए का मूल्यांकन 8 प्रमुख स्तंभों की श्रेणियों में कुल 43 कठोर मानकों पर किया। इनमें प्रशिक्षण आवश्यकता विश्लेषण, संकाय विकास, तकनीक का उपयोग, प्रशिक्षुओं को सहायता, प्रशिक्षण गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता और अन्य संस्थानों के साथ समन्वय जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल थे।
नार्जारी और अतिरिक्त निदेशक शंकरदत्त शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम—धनपत राज, अनुकृति उज्जैन, पुलिस निरीक्षक धीरज वर्मा, दीपक यादव, नीलिमा अग्निहोत्री और महिला कांस्टेबल रानी—ने दस्तावेजों के संकलन, प्रस्तुति और सभी मूल्यांकन प्रक्रियाओं को सफलता से पूरा किया। आयोग की टीम ने 9 और 10 दिसंबर को अकादमी का भौतिक निरीक्षण कर विस्तृत विश्लेषण किया, जिसके बाद आरपीए को ‘उत्कृष्ट संस्थान’ घोषित किया गया।

पहले भी स्थापित है उत्कृष्टता का इतिहास
आरपीए इससे पहले भी तीन बार देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस अकादमी का गौरव प्राप्त कर चुकी है। यह नई उपलब्धि साबित करती है कि राजस्थान पुलिस अकादमी लगातार उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण, तकनीकी नवाचार और उत्कृष्ट संसाधन प्रबंधन के दम पर देश की प्रमुख प्रशिक्षण संस्था के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है।

यह उपलब्धि राजस्थान पुलिस की साख, क्षमता और प्रोफेशनलिज्म का प्रमाण है, जो आने वाले समय में प्रशिक्षण जगत के लिए नए मानक स्थापित करेगी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment