जयपुर, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधायक जितेंद्र गोठवाल ने प्रदेश में हीट वेव से होने वाली मौतों को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि डोटासरा बिना तथ्यों के किसी भी विषय पर कुछ भी बोल देते हैं, उनका ये बड़बोलापन और पूर्व सीएम गहलोत का झूठ ही उन्हे ले बैठा। एसएमएस अस्पताल प्रदेश का सबसे बड़ा अस्पताल है, जहां हीटवेव और अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों का समय पर बेहतर उपचार हो रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 47 डिग्री तापमान में खुद सड़कों पर उतरकर बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक चीजों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं भाजपा के विधायक और कार्यकर्ता प्रत्येक विधानसभा और जिला स्तर पर जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करा रहे हैं। सचिवालय में आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में हीटवेव और गर्मी के चलते आने वाली बिजली, पानी जैसी समस्याओं पर समीक्षा बैठक भी हुई है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा और पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत के दिमाग में गर्मी चढ़ गई है। जिसके चलते वे लगातार बहकी-बहकी बातें कर रहे हैं। गहलोत की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में बिजली पानी और स्वास्थ्य की बदतर स्थिति प्रदेश की जनता से छिपी हुई नहीं है। पिछली कांग्रेस सरकार में बिजली की मांग को लेकर उनकी खुद की सरकार के मंत्री कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठ गए थे। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के समय विद्यार्थियों को बिजली के अभाव में अंधेरे में रहना पड़ा था, और किसानों ने खरीफ और रबि की फसल के लिए धरना प्रदर्शन किये थे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि डोटासरा और पूर्व सीएम गहलोत झूठे और बड़बोले बयान देने की बजाय अपनी पार्टी के नेताओं को सुझाव देते कि भाजपा नेताओं की तरह जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनें और जनता की सेवा करें। आज प्रदेश की भजनलाल शर्मा की सरकार जनता के द्वार पर जाकर उनकी हर समस्या के समाधान के लिए काम कर रही है। वहीं दूसरी ओर डोटासरा और गहलोत केवल ट्वीट कर रहे हैं, और वीडियो बनाकर जनता की भावनाओं को आहत कर रहे हैं।










