गांधी हुए चोरी, पैर वहीं रह गए: ऑस्ट्रेलिया में भारतीय अस्मिता पर हमला

---Advertisement---

मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित ऑस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी सेंटर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की लगभग 426 किलो वजनी कांस्य प्रतिमा चोरी हो जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात नकाबपोश चोरों ने आधी रात एंगल ग्राइंडर की मदद से प्रतिमा को आधार से काटा और उसका मुख्य हिस्सा अपने साथ ले गए, जबकि प्रतिमा के पैर मौके पर ही पड़े रह गए।
यह प्रतिमा भारतीय समुदाय के लिए केवल एक धरोहर नहीं, बल्कि अहिंसा, सत्य और शांति के प्रतीक महात्मा गांधी की विचारधारा का सम्मान मानी जाती थी। घटना के बाद स्थानीय भारतीय समुदाय में गहरा आक्रोश और पीड़ा व्याप्त है।
मामले की जानकारी मिलते ही ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और भारी मशीनों का इस्तेमाल कर प्रतिमा को काटा गया।
इस घटना को लेकर भारत सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय ने ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के समक्ष यह मामला उठाते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय को निशाना बनाने वाली घटनाओं में वृद्धि देखी गई है। गांधी प्रतिमा की चोरी को केवल आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि भारत-विरोधी मानसिकता और सांस्कृतिक असहिष्णुता से जोड़कर देखा जा रहा है।
भारतीय समुदाय के नेताओं ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह हमला केवल एक प्रतिमा पर नहीं, बल्कि भारतीय मूल्यों और वैश्विक शांति के प्रतीक पर किया गया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई सरकार से कड़े कदम उठाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।
फिलहाल, प्रतिमा का मुख्य हिस्सा अभी बरामद नहीं हो सका है और जांच जारी है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment