Festival celebration of Rajasthan University: Governor said- Moral values are the soul of Indian education, renaissance of new education policy
जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय के 34वें दीक्षांत समारोह में गुरुवार को राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने नई शिक्षा नीति को भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों का संवाहक बताते हुए कहा कि यह नीति भारतीय शिक्षा व्यवस्था को उसकी जड़ों से जोड़ने का कार्य करेगी। समारोह में उन्होंने कहा कि अंग्रेजों की लागू की गई शिक्षा प्रणाली ने भारतीयों में गुलाम मानसिकता को जन्म दिया, और अब नई नीति उस ऐतिहासिक चूक को सुधारने का माध्यम बन रही है।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा, “नैतिक मूल्य भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। नई शिक्षा नीति इन्हीं मूल्यों को केंद्र में रखकर तैयार की गई है। शिक्षकों की भूमिका अब केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन्हें विद्यार्थियों को दीक्षित करने की दिशा में कार्य करना होगा।”
महिलाओं का प्रदर्शन उल्लेखनीय, 75% से अधिक पदक बालिकाओं के नाम
राज्यपाल ने स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले छात्रों में बालिकाओं की उल्लेखनीय संख्या को लेकर खुशी जताई और इसे सामाजिक परिवर्तन की दिशा में बड़ा संकेत बताया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद, झांसी की रानी और महर्षि अरविंद जैसे प्रेरणास्रोत चरित्रों का उल्लेख करते हुए छात्रों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया।
‘कुलगुरु’ की संज्ञा में शिक्षा की गरिमा: देवनानी
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष व पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने विश्वविद्यालयों में ‘कुलपति’ के स्थान पर ‘कुलगुरु’ शब्द की वापसी को भारतीय शिक्षा परंपरा की पुनर्स्थापना बताया। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी हजारों वर्ष पहले थी। तक्षशिला, नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्वविद्यालयों के उदाहरण देकर उन्होंने कहा कि आज भी विश्व को दिशा देने का सामर्थ्य भारत के पास है।
देवनानी ने यह भी उल्लेख किया कि भारतीय विज्ञान का उपयोग हाल ही में ऑपरेशन सिन्दूर जैसे सैन्य अभियानों में भी किया गया है, जो भारतीय अनुसंधान और नवाचार की शक्ति को दर्शाता है।
विकसित भारत के लिए उच्च शिक्षा महत्वपूर्ण: प्रेमचंद बैरवा
राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा केवल डिग्री अर्जन तक सीमित नहीं है, बल्कि नवाचार, शोध और सामाजिक जागरूकता का माध्यम बन चुकी है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ में झलकता है नया भारत: अरुण सिंह
उत्तरप्रदेश से राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने भारतीय सेना की कार्यवाही का उल्लेख करते हुए कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” समर्थ और आत्मनिर्भर भारत का उदाहरण है। यह नया भारत है—सजग, सक्षम और सशक्त।
विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट और सम्मान समारोह
समारोह में कुलगुरु डॉ. अल्पना कटेजा ने विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान राज्यपाल ने विभिन्न संकायों के छात्रों को स्वर्ण पदक और उपाधियां प्रदान कीं।










