शरद पूर्णिमा पर 5 और 6 अक्टूबर को होने वाले नर्मदा महोत्सव में प्रसिद्ध भजन गायक लखवीर सिंह लक्खा, मीताली ठाकुर और अभिलिप्‍सा पाण्‍डा के भजन गूंजेंगे

---Advertisement---

( उजला दर्पण सीनियर रिपोर्टर रामगोपाल सिंह )

नर्मदा महोत्‍सव की तैयारियों को लेकर कलेक्‍टर श्री सिंह ने दिये आवश्‍यक निर्देश

जबलपुर  कलेक्‍टर श्री राघवेन्‍द्र सिंह की अध्‍यक्षता में आज नर्मदा महोत्‍सव की तैयारियों को लेकर मोटल मार्बल रॉक्‍स भेड़ाघाट में बैठक आयोजित की। जिसमें भेड़ाघाट नगर परिषद के पदाधिकारी सहित ‍सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे। बैठक में अतिथि कलाकारों के ठहरने के लिए होटल, सत्‍कार, वाहन व लाइजनिंग व्‍यवस्‍था, महोत्‍सव के व्‍यापक प्रचार-प्रसार, स्‍व सहायता समूह द्वारा हस्‍तकला निर्मित प्रदर्शनी आदि के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि नर्मदा महोत्‍सव कार्यक्रम के विभिन्‍न स्‍थलों पर कानून व्‍यवस्‍था की दृष्टि से मजिस्‍ट्रेट तैनात रहे। इसके साथ ही कार्यक्रम स्‍थल के लिए मुख्‍य अतिथि की लाइजनिंग के लिए अधिकारी नियुक्‍त करने, फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी, एलईडी वॉल, मंच सजावट, विद्युत व्‍यवस्‍था आदि पर चर्चा करते हुए कहा कि विद्युत से सुरक्षा के समुचित उपाय सुनिश्चित किया जाये। बैठक में सुरक्षा व्‍यवस्‍था को लेकर सभी आवश्‍यक निर्देश दिये गये। कलेक्‍टर श्री सिंह ने कार्यक्रम स्‍थल पहुंच मार्ग पर हाई मास्‍क लगाने के साथ जनरेटर आदि के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को समुचित व्‍यवस्‍था करने के निर्देश दिये। उन्‍होंने कहा कि नर्मदा महोत्‍सव के लिए आमंत्रण पत्रों का वितरण समय पर सुनिश्चित करें। दो दिवसीय इस महोत्‍सव में पीडब्‍ल्‍यूडी, खनिज तथा स्‍वास्‍थ विभाग के अधिकारियों को भी आवश्‍यक निर्देश दिये। उन्‍होंने कहा कि महोत्‍सव में मंच, टेंट, लाईट, माइक, मंच संचालन, सड़क सुधार, पेयजल, शौचालय जैसी सभी समुचित व्‍यवस्‍था सुनिश्चित हो। महोत्‍सव की व्‍यवस्‍था के लिए जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों के दायित्‍व का निर्धारण किया जा चुका है, उस हिसाब से भी अधिकारी अपने-अपने दायित्‍वों को तत्‍परता से निर्वाहन करें। उल्‍लेखनीय है कि विश्‍वविख्‍यात धवल संगमरमरी धुँआधार जलप्रपात भेड़ाघाट की सुरम्‍य वादियों पर 5 एवं 6 अक्‍टूबर को शरद पूर्णिमा पर नर्मदा महोत्‍सव का आयोजन किया जायेगा। जिसमें देश के ख्‍यातिलब्‍ध कलाकार अपनी प्रस्‍तुति से संस्‍कारधानी को गौरवान्वित करेंगे। कलेक्‍टर श्री सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा कि नर्मदा महोत्‍सव की गरिमा के अनुसार सभी तैयारियां समय से पूर्व सुनिश्चित कर ली जाये।

कार्यक्रम स्‍थल का किया निरीक्षण

कलेक्‍टर श्री सिंह ने नगर परिषद के पदाधिकारी व संबंधित अधिकारियों के साथ भेड़ाघाट में नर्मदा महोत्‍सव के कार्यक्रम स्‍थल का निरीक्षण किया और व्‍यवस्‍था सुनिश्चित करने के लिए आवश्‍यक निर्देश भी दिये।

मॉं नर्मदा के प्राकृतिक सौंदर्य पर होगी फोटोग्राफी प्रतियोगिता

कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि नर्मदा महोत्‍सव के दौरान मॉं नर्मदा के प्राकृतिक सौंदर्य पर फोटोग्राफी की प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। उन्‍होंने फोटोग्राफर्स से आग्रह किया कि वे नर्मदा के प्राकृतिक सौंदर्य के 20 x 30 इंच के सिर्फ एक बेहतरीन फोटो नगर परिषद भेड़ाघाट कार्यालय में 3 अक्‍टूबर तक जमा कर सकते हैं। उन्‍होंने कहा कि एआई तथा एडिटिंग किये हुए फोटो मान्‍य नहीं होंगे। फोटोग्राफी के चयन के लिए 3 सदस्‍यीय निर्णायक मंडल होंगे, जिनका निर्णय ही मान्‍य होगा। साथ ही कहा कि फोटोग्राफर अपने फोटो के नीचे अपना नाम व नंबर लिखें तथा महोत्‍सव के दौरान वे स्‍वयं उपस्थित रहें। उन्‍होंने कहा कि फोटोग्राफी में प्रथम विजेता को 11 हजार, द्वितीय को 7 हजार 100 तथा तृतीय को 5 हजार 100 रूपये का नगर पुरस्‍कार दिया जायेगा।

नर्मदा महोत्सव में गूंजेंगे लखवीर सिंह लक्खा, मैथिली ठाकुर और अभिलिप्‍सा पाण्‍डा के भजन

शरद पूर्णिमा पर 5 और 6 अक्टूबर को होने वाले नर्मदा महोत्सव में प्रसिद्ध भजन गायक लखवीर सिंह लक्खा, मीताली ठाकुर और अभिलिप्‍सा पाण्‍डा के भजन गूंजेंगे। चांदनी रात में धुआंधार जलप्रपात के निकट आयोजित समारोह मध्य प्रदेश संस्कति और पर्यटन मंत्रालय, जबलपुर पुरातत्‍व पर्यटन एवं संस्कति परिषद जेएटीसीसी के तत्वावधान में नगर निगम जबलपुर तथा भेडाघाट नगर परिषद के सहयोग से हो रहा है। जेएटीसीसी के नोडल अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि नर्मदा महोत्सव के 21वें वर्ष कार्यक्रम विशेष होगा जिसमें 5 अक्टूबर को पुरी की गायिका सुश्री अभिलिप्‍सा पाण्‍डा तथा मधुबनी की मैथिली ठाकुर भजन प्रस्तुत करेंगी। महोत्सव के दूसरे दिन 6 अक्टूबर को लखवीर सिंह लक्खा, पंजाब के भजनों से संगमरमर की वादियां गूंजेंगी। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकरों का चयन होना बाकी है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment