जयपुर, 15 दिसंबर। एलीट मिस राजस्थान-2025 सीजन-12 की सेश सेरेमनी के अवसर पर टॉप-30 फाइनलिस्ट का आधिकारिक अनावरण किया गया। सी-स्कीम स्थित होटल शकुन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित प्रतिभाशाली युवतियों ने भाग लिया, जहां मंच केवल सौंदर्य प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आत्मविश्वास, संघर्ष, प्रतिभा और सामाजिक सोच की कहानियां भी सामने आईं। टॉप-30 के ऐलान के साथ ही फैशन और मॉडलिंग जगत में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. जगदीश चंद्र रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवतियों को आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को दिशा देने का अवसर प्रदान करते हैं। स्पेशल गेस्ट के रूप में जेडी माहेश्वरी, पवन गोयल, हेडमैन से ज्योति और हेमंत, लुक वुक के डायरेक्टर्स चंद्रेशकर चौधरी और विवेक गुप्ता उपस्थित रहे। वहीं सुपर मॉडल आकांक्षा भल्ला, अलफिरदोश और तनु ने प्रतिभागियों को अपने अनुभव साझा कर प्रेरित किया।
आयोजक और फाउंडर-डायरेक्टर गौरव गौड़ ने बताया कि सीजन-12 में राजस्थान के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवतियों ने ऑडिशन दिए, जिनमें से जूरी ने आत्मविश्वास, संवाद कौशल, प्रस्तुति और सोच के आधार पर टॉप-30 फाइनलिस्ट का चयन किया है। अब ये फाइनलिस्ट आगामी राउंड्स और विशेष प्रशिक्षण के जरिए ग्रैंड फिनाले की ओर बढ़ेंगी।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों की व्यक्तिगत कहानियां खास आकर्षण का केंद्र रहीं। उदयपुर से आईं वंदना प्रजापत ने सबका ध्यान खींचा। वे पैसिफिक हॉस्पिटल, उदयपुर में न्यूरोलॉजी रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर हैं और साथ ही मेडिटेशन इंस्ट्रक्टर भी हैं। वंदना ने कहा कि उनके लिए सौंदर्य केवल बाहरी नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक मजबूती से जुड़ा है, जिसे वे इस मंच के जरिए प्रस्तुत करना चाहती हैं।
भीलवाड़ा से आईं ज्योति सोनी की कहानी ने कार्यक्रम को भावनात्मक बना दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में उनकी मां को कैंसर होने का पता चला था। कठिन परिस्थितियों के बीच उनकी मां का एक ही सपना था कि ज्योति मॉडल बने। मां के उसी सपने को साकार करने के लिए ज्योति ने एलीट मिस राजस्थान के ऑडिशन देने का फैसला किया। उनके लिए यह मंच केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि मां के सपनों को जीवंत करने की शुरुआत है।
जयपुर की रहने वाली शैली यादव ने भी अपने अनुभव साझा किए। वे मलयालम और दो राजस्थानी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। शैली ने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री का अनुभव उन्हें अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास सिखाता है, जो ऐसे प्रतिष्ठित मंचों पर खुद को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने में मदद करता है।
एलीट मिस राजस्थान-2025 सीजन-12 की टॉप-30 फाइनलिस्ट अब आगे के राउंड्स में कड़ी मेहनत, ग्रूमिंग और प्रोफेशनल ट्रेनिंग के जरिए ग्रैंड फिनाले की तैयारी करेंगी। आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि यह मंच केवल फैशन प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सपनों, संघर्ष और प्रतिभा को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम है।










