जयपुर/चित्तौड़गढ़,चितौड़गढ़ जिला विशेष टीम व गंगरार थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के ख़िलाफ़ कार्यवाही करते हुए कुल 179.300 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा सहित ईको कार को जब्त किया है।
एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों एवं अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के लिए समस्त थानाधिकारियों व जिला विशेष टीम को विशेष दिशा-निर्देश दिये गए हैं। इसी क्रम में जिला विशेष टीम को सूचना मिली कि गंगरार थाना क्षेत्र में नया तालाब गांव से जवासिया रेलवे फाटक की तरफ आने वाली ईको कार में अवैध डोडा चूरा का परिवहन किया जा रहा है।
इस पर जिला विशेष टीम ने तत्काल जवासिया गांव की तरफ जाने वाली मुख्य सड़क पर नाकाबंदी की। सूचना के मुताबिक़ नया तालाब गांव की तरफ से तेज गति में आती हुई सफेद ईको कार दिखाई दी। कार चालक टीम को देख गाड़ी को चालू हालत में छोड़ मौके से फरार हो गया, जिसकी काफी तलाश की किंतु रात का समय होने से चालक भागने में सफल रहा।
सूचना के मुताबिक कार में डोडा पोस्त होने की सूचना पर गंगरार थाना पुलिस को अवगत कराया। थानाधिकारी मोती राम जाप्ते सहित मौके पर पहुंचे और तलाशी ली तो 9 कट्टों में भरा हुआ कुल 179.300 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा मिला। थाना पुलिस ने अवैध डोडा चूरा व ईको कार को जब्त कर लिया है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी गोरधन सिंह पुलिस निरीक्षक, हैड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह,कांस्टेबल ललित सिंह, चन्द्र करण सिंह, अजय व दिनेश, थाना गंगरार से इंस्पेक्टर मोती राम, हैड कांस्टेबल रमेश, कांस्टेबल गोविंद, रामस्वरूप व उपेन्द्र सिंह शामिल थे। विशेष योगदान मुनेंद्र सिंह, राजदीप सिंह व दुर्गा राम का रहा।










