( उजला दर्पण सीनियर रिपोर्टर रामगोपाल सिंह )
सीएम ने कहा “अच्छा काम करेंगे तो सरकार आपके साथ है, कहीं कमी करेंगे तो सरकार आपको देख रही है।”
भोपाल मप्र में पिछले साल एक जुलाई 2024 से 30 सितंबर 2024 तक नीति आयोग द्वारा चलाए गए संपूर्णता अभियान में अच्छा काम करने वाले जिलों के कलेक्टर और तत्कालीन कलेक्टरों को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, मुख्य सचिव अनुराग जैन ने सम्मानित किया।
भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में हुए समारोह में नीति आयोग के सचिव रोहित कुमार, सदस्य रमेश चंद्र, प्रभारी मंत्री चेतन्य काश्यप, कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी और अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
8 जिलों के अधिकारियों को गोल्ड मैडल
8 जिलों के अधिकारियों को बुलाकर उन्हें गोल्ड मैडल दिया गया, जबकि बाकी अवॉर्ड अन्य जिलों में भेजे जाएंगे। बड़वानी के कलेक्टर गुंचा सनोबर छुट्टी पर होने के कारण अवॉर्ड लेने नहीं आ सकी। इसके बाद तत्कालीन कलेक्टर राहुल हरिदास और दमोह के कलेक्टर सुधीर कोचर को गोल्ड मैडल दिया गया।
विदिशा जिले के तत्कालीन कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, टीकमगढ़ के कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय और तत्कालीन कलेक्टर अवधेश शर्मा, निवाड़ी के कलेक्टर लोकेश जांगिड़ और तत्कालीन कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा तथा खंडवा के कलेक्टर को भी गोल्ड मैडल से सम्मानित किया गया।
सीएम ने ‘संपूर्णता अभियान सम्मान ‘समारोह का दीप जलाकर शुभारंभ किया
सीएम ने ‘संपूर्णता अभियान सम्मान ‘समारोह का दीप जलाकर शुभारंभ किया
सीएस बोले- रैंकिंग के चक्कर में झूठा डेटा रिपोर्ट न करें
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कलेक्टरों और अधिकारियों से कहा- सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि जब हम लोग समीक्षा करते हैं तब हमारे आंकड़े कितने सच्चे हैं उस पर निर्भर करता है। झूठ बोलना शुरु कर दें तो फिर हम पता नहीं किसको गुमराह कर रहे होते हैं।
सीएस अनुराग जैन ने कहा-
मेरी सभी साथियों से गुजारिश होगी कि ये सुनिश्चित करें कि यह कल्चर नीचे तक पहुंचे। गलत सही जो भी है इस चक्कर में न पडे़ं कि हमारी रैंकिग बढ़ेगी या कम हो जाएगी। डेटा सही कैप्चर करें। यदि डेटा सही कैप्चर होगा तो हमें वास्तविकता का ज्ञान मिलेगा और उस हिसाब से हम डेटा बेस्ड पॉलिसी में सही निर्णय ले सकेंगे। यदि हमारे यहां नीचे लोगों ने रैंकिग के चक्कर में झूठ बोलना शुरु कर दिया तो आंकडे़ बड़ी अच्छी रोजी पिक्चर दिखाएंगे। जबकि, वास्तविकता में हम देखते हैं कि हम लोगों के अपने इंटरनल आंकड़ों में कुछ प्रतिशत और होता है और जब एक्सटर्नल सर्वे होता है। प्रतिशत कुछ हद तक गिर जाते हैं। इसलिए ऐसे कार्यक्रम को सफल करने के लिए यह वर्क कल्चर बहुत जरूरी है। सच बोलो आंकडे़ को सही ढंग से रखो।
सीएम के निर्देश पर अब नए अफसर की पहली पोस्टिंग ट्रायबल ब्लॉक में
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा- मुख्यमंत्री जी पिछड़े जिलों पर विशेष ध्यान देते हैं। अभी जब नए बैच की पोस्टिंग हो रही थी तो हम लोगों ने जो प्रस्ताव दिए थे वो सारे पलट दिए।
सीएम साहब ने कहा कि हर जो नया अफसर आ रहा है और एसडीएम बन रहा है वो ट्रायबल ब्लॉक में ही जाएंगे। जो मुख्यमंत्री जी का फोकस और प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा है उसी के अनुरुप मप्र सरकार काम कर रही है।
ऑफिसर्स को ट्रायबल और रुरल इलाके में एक अनुभव मिले जिससे जब वो स्टेट लेवल पर आते हैँ तो पॉलिसी लेवल में उन बातों का संज्ञान रहे।
सीएम बोले: अच्छा काम करेंगे तो सरकार आपके साथ
इस दौरान सीएम ने ‘एमपी नीति आयोग’ की कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी का दर्शन है कि अंतिम व्यक्ति के जीवन में बदलाव और सुधार लाया जाए।
देश और प्रदेश के सभी जिले, ब्लॉक और हर इकाई में हर योजना का लाभ सीधे आम जनता तक पहुँचना चाहिए। हम कई लोकलुभावन योजनाओं पर काम करते हैं, लेकिन उन्हें बारीकी से देखने की जरूरत है।
उन्होंने इजराइल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां वर्षा बहुत सीमित होती है, लेकिन तकनीक की मदद से पानी की व्यवस्था की जाती है। योजना आयोग का कार्य प्रणाली आज तक समझ में नहीं आया। बड़े सेक्टर में हम पीछे रह गए थे।
2014 के बाद पीएम मोदी ने पूरा परिदृश्य बदल दिया। कई सेक्टर में नवाचार किए गए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। 2003 तक प्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे, अब 30 कॉलेज बनने जा रहे हैं और अगले सवा साल में 10 और खुलेंगे। इसके साथ ही हर संभाग में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज खोलने वाला मध्य प्रदेश पहला राज्य बनेगा।
एक साल में साढ़े सात लाख हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ाया गया है, और अगले 6 साल में इसे एक लाख हेक्टेयर तक ले जाने का लक्ष्य है। दो दिन पहले पीएम मोदी को आमंत्रित किया गया, अक्टूबर में बड़ा कृषि मेला आयोजित किया जाएगा।
अब अलग-अलग विषयों पर आधारित कॉन्क्लेव आयोजित किए जा रहे हैं और निवेश को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश आकर सात बार मार्गदर्शन दिया है।
सीएम ने स्पष्ट किया, “अच्छा काम करेंगे तो सरकार आपके साथ है, कहीं कमी करेंगे तो सरकार आपको देख रही है।”
सबसे पहले जानिए क्यों दिए अवाॅर्ड
नीति आयोग ने पिछले साल 1 जुलाई से 30 सितंबर तक 6 पैरामीटर तय किए थे। इन पैरामीटर्स पर जिलों को टास्क पूरा करना था। जिन जिलों ने सौ फीसदी टास्क पूरा किया है, उन जिलों को गोल्ड कैटेगरी में सम्मानित किया जा रहा हैं। जिला और ब्लॉक को अलग-अलग कैटेगरी में रखा था।
नीति आयोग के सदस्य रमेश चंद्र ने कहा, ‘जो ब्लॉक और जिला स्तर के अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है उन्हें बधाई। आपका काम बहुत से प्रदेशों से अलग है। कई राज्यों से आपके यहां के इंडिकेटर्स में बहुत अंतर था आपने गैप को भरने का काम किया।











