(उजला दर्पण सीनियर रिपोर्टर रामगोपाल सिंह उईके)
भोपाल मध्य प्रदेश की प्रमुख बिजली कंपनी ने AE, JE और लाइनमेन सहित कई श्रेणियों के सैकड़ों पदों सीधी भर्ती निकाली है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि ऊर्जा विभाग के अंतर्गत मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी में विभिन्न श्रेणियों के 633 रिक्त पदों पर भर्ती के लिये योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आंमत्रित किये गये है।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि इन पदों के लिये ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 अगस्त 2025 है। रिक्त पदों में सहायक अभियंता, विधि अधिकारी, कनिष्ठ अभियंता, ट्रांसमिशन लाइन परिचारक, उपकेन्द्र परिचारक, सर्वेयर परिचारक के पद शामिल है।
एमपी ट्रांसको के रिक्त पदों में द्वितीय श्रेणी के सहायक अभियंता (पारेषण) के 63 पद, विधि अधिकारी के 1 पद, कनिष्ठ अभियंता पारेषण के 247 पद, कनिष्ठ अभियंता (सिविल) के 12 पद, ट्रांसमिशन लाइन परिचारक के 67 पद, उपकेन्द्र परिचारक के 229 पद एवं सर्वेयर परिचारक के 14 पद शामिल है।
भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी एमपी ट्रांसको की अधिकृत वेबसाइट mptransco.nic.in अथवा एमपी ऑनलाइन की वेबसाइट mp.online.gov.in अथवा Iforms.mp.online.gov.in से प्राप्त की जा सकती है।












